अर्जेन्टीना में सोयाबीन की बिजाई गत वर्ष से कुछ आगे
12-Dec-2024 05:56 PM
ब्यूनस आयर्स । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील के पड़ोसी देश- अर्जेन्टीना में अब सोयाबीन की बिजाई की रफ्तार धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी है।
गत सप्ताह वहां हल्की बारिश हुई और इसका दायरा भी मुख्यत: पूर्वोत्तर क्षेत्र तक सीमित रहा चालू सप्ताह के दौरान भी वहां हल्की वर्षा होने तथा तापमान कुछ नीचे आने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
अर्जेन्टीना में खेतों की मिटटी में नमी का पर्याप्त अंश मौजूद नहीं है इसलिए यदि लम्बे समय तक बारिश का अभाव रहा तो सोयाबीन फसल की प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। वर्तमान समय में कोई खास संकट नहीं है मगर भविष्य में समस्या उत्पन्न हो सकती है।
अर्जेन्टीना में राष्ट्रीय स्तर पर 53.8 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन की बिजाई पूरी हो चुकी है जो पिछले साल की समान अवधि की बिजाई 51.7 प्रतिशत से 2 प्रतिशत बिंदु ज्यादा है।
कोर एरिया में लगभग 85 प्रतिशत एवं दक्षिणी भाग में 50 से 70 प्रतिशत के बीच सोयाबीन की बिजाई होने की सूचना है जबकि उत्तरी संभाग में 1 प्रतिशत से भी कम क्षेत्र में बिजाई हो सकी है।
इस लैटिन अमरीकी देश में सोयाबीन की बिजाई दो चरणों में होती है। प्रथम चरण की फसल के लिए लगभग 69 प्रतिशत क्षेत्र में बिजाई की प्रक्रिया पूरी हुई है जबकि दोहरी फसल पद्धति के तहत इसका क्षेत्रफल केवल 13.8 प्रतिशत पर पहुंचा है।
ब्यूनस आयर्स ग्रेन एक्सचेंज द्वारा लगाए गए अनुमान की तुलना में सोयाबीन फसल की प्रगति की रफ्तार अब थोड़ी धीमी पड़ गई है। लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य देखी जा रही है।
कुल मिलाकर जितने क्षेत्र में सोयाबीन की बिजाई हुई है उसके 36 प्रतिशत भाग में फसल की हालत सामान्य तथा 64 प्रतिशत भाग में उत्साहवर्धक है। इसका मतलब यह हुआ कि वहां खराब या कमजोर दशा वाली फसल कहीं नहीं देखी जा रही है। खेतों की मिटटी में नमी का स्तर भी लगभग सामान्य है।
उल्लेखनीय है कि अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन 2023-24 सीजन के 482 लाख टन से बढ़कर 2024-25 के सीजन में 520 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।
अर्जेन्टीना संसार में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है।
