अर्जेन्टीना और ब्राजील के सोयाबीन उत्पादन अनुमान में कोई परिवर्तन नहीं
08-May-2025 01:29 PM
ब्यूनर्स आयर्स । दक्षिण अमरीका महाद्वीप के दो शीर्ष उत्पादक देश- ब्राजील तथा अर्जेन्टीना में सोयाबीन के उत्पादन अनुमान में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है और इसे क्रमश: 1690 लाख टन एवं 500 लाख टन के पुराने स्तर पर बरकरार रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि सोयाबीन के उत्पादन एवं निर्यात में दुनिया में ब्राजील पहले तथा अर्जेन्टीना तीसरे नम्बर पर है जबकि दूसरे स्थान पर अमरीका है।
ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी बिल्कुल अंतिम चरण में पहुंच गई है जबकि अर्जेन्टीना में अभी करीब एक चौथाई फसल ही काटी गई है। वहां फसल की कटाई लम्बे समय तक जारी रहेगी।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 2024-25 के वर्तमान सीजन के दौरान अर्जेन्टीना में करीब 500 लाख टन सोयाबीन का उत्पादन होने का अनुमान है।
30 अप्रैल 2025 तक वहां लगभग 24 प्रतिशत क्षेत्र में फसल की कटाई पूरी हो चुकी थी जो गत वर्ष की समान अवधि की कटाई 35 प्रतिशत से काफी पीछे थी।
कटाई-तैयारी शुरू होने के समय देश के कई भागों में भारी बारिश होने लगी और खेतों में पानी तथा कीचड़ जमा होने से कम्बाइन मशीनों को उतारना मुश्किल हो गया।
अर्जेन्टीना में करीब 22 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन फसल की हालत कमजोर या बहुत खराब मानी जा रही है जबकि 39 प्रतिशत क्षेत्र में फसल को सामान्य तथा शेष 39 प्रतिशत भाग में अच्छा या उत्साहवर्धक आंका गया है। ज्ञात हो कि भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही किया जाता है।
जहां तक ब्राजील का सवाल है तो वहां इस वर्ष सोयाबीन का उत्पादन उछलकर 1690 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है।
दोनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- माटो- ग्रोसो एवं पराना के साथ-साथ अधिकांश प्रांतों में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी पहले ही समाप्त हो चुकी है और अब सुदूर दक्षिणी राज्य- रियो ग्रैंड डो सूल में थोड़ी-बहुत फसल बच रही है जिसकी कटाई चल रही है।
ब्राजील में राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 95 प्रतिशत भाग में सोयाबीन की फसल काटी जा चुकी है और 5 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई होनी बाकी है।
अमरीका और चीन के बीच व्यापार युद्ध जारी रहने ब्राजील को चीन में सोयाबीन का निर्यात बढ़ाने में शानदार सफलता हासिल हो रही है। चीन ने अमरीकी उत्पादों पर 125 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा दिया है।
