बांग्ला देश में 242 फर्मों को 5 लाख टन चावल मंगाने का अनुमान

11-Aug-2025 11:32 AM

ढाका। घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बांग्ला देश की सरकार ने प्राइवेट क्षेत्र की 242 कंपनियों को कुल मिलाकर 5 लाख टन चावल का आयात करने की स्वीकृति प्रदान की है जिसमें 4.61 लाख टन सेला चावल तथा 39 हजार टन कच्चा (सफेद) चावल शामिल है। खाद्य मंत्रालय द्वारा इस आशय का एक पत्र वाणिज्य मंत्रालय को भेजा गया है जिसमें आवंटित कंपनियों के पक्ष में अनुमति देने का आग्रह किया गया है। 

एक सरकारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि विदेशों से मंगाए जाने वाले चावल में टूटे दाने का अंश 5 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिए और आयातकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि चावल की सम्पूर्ण आवंटित मात्रा 30 सितम्बर 2025 तक बांग्ला देश के घरेलू बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध हो जाए।

इसके अलावा आयातकों को चावल की सम्पूर्ण आयातित मात्रा, उसके भंडारण और वितरण-विपणन का विस्तृत विवरण सम्बन्धित जिला खाद्य नियंत्रक के पास जमा करना होगा।

पत्र में कहा गया है कि स्वीकृत आवंटन से ज्यादा मात्रा में चावल के आयात की अनुमति नहीं होगी और न ही आयातकों को कोटे का दुरूपयोग करना चाहिए। 

आयातित चावल को मूल पैकेजिंग में ही बेचना अनिवार्य होगा और अगल से इसकी दोबारा पैकिंग विभिन्न कंपनियों के नाम से करने की अनुमति नहीं होगी। 

बांग्ला देश सरकार घरेलू प्रभाग में चावल की आपूर्ति एवं उपलब्धता की सुगम स्थिति को बरकरार रखने का जोरदार प्रयास कर रही है और चावल का यह आयात कोटा उसी रणनीति का एक हिस्सा है।

देश के कई भागों में हाल में आई भयंकर बाढ़ से अमान धान की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है जिससे चावल के उत्पादन में आगे कमी आएगी और इसलिए सरकार पहले से ही इसका प्रबंध कर रही है।

बांग्ला देश में सरकारी स्तर पर भी चावल के आयात का निर्णय लिया गया है। सरकारी एवं प्राइवेट स्तर पर कुल मिलाकर लगभग 9 लाख टन चावल का आयात होने की संभावना है और इसका अधिकांश भाग भारत से मंगाया जा सकता है क्योंकि भारतीय चावल अपेक्षाकृत कम दाम पर उसे मिल सकता है।