बांग्ला देश मंगाएगा भारत से 2 लाख टन चावल

28-Dec-2024 01:39 PM

ढाका । बांग्ला देश की अंतरिम सरकार ने भारत से चावल का आयात करना शुरू कर दिया है। पिछले दिन 27000 टन चावल की पहली खेप चटगांव बंदरगाह के जरिए बांग्ला देश पहुंच गई जो भारत से 2 लाख टन चावल की खरीद के एग्रीमेंट का हिस्सा है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यद्यपि वर्तमान समय में बांग्ला देश में चावल का भारी अभाव नहीं है लेकिन बाढ़-वर्षा से धान की फसल को हुए भारी नुकसान के कारण चावल के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है जिससे आगामी महीनों में इसकी कमी महसूस हो सकती है। उसे दूर करने के लिए पहले से ही चावल का स्टॉक बनाने की तैयारी की जा रही है। 

बांग्ला देश की सरकार ने 2 लाख टन सेला चावल का आयात आधिकारिक स्तर पर करने का निर्णय लिया है जिसे भारत से मंगाया जाएगा। इसके अलावा वैश्विक टेंडर के माध्यम से भी एक लाख टन चावल का आयात किया जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार टेंडर से आगे सरकार से सरकार स्तर पर भारत से और अधिक मात्रा में चावल मंगाने का प्लान बनाया गया है।

वहां कीमतों को स्थिर रखने तथा आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से चावल के आयात पर लगे सभी नियंत्रणों-प्रतिबंधों एवं सीमा शुल्क को वापस ले लिया गया है।

शून्य शुल्क आयात नीति के सहारे बांग्ला देश के प्राइवेट व्यापारी भी भारत से भारी मात्रा में चावल का आयात कर रहे हैं।

इन प्राइवेट व्यापारियों को अब तक बांग्ला देश की सरकार की ओर से करीब 16 लाख टन चावल के आयात की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि भविष्य में वहां चावल का भंडार संकट उत्पन्न हो सकता था।