बांग्ला देश से भारत को सुपारी के निर्यात में जबरदस्त बढ़ोत्तरी
30-Jul-2025 11:04 AM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने आंकड़ों के आधार पर स्वीकार किया है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान बांग्ला देश एवं म्यांमार से भारत को सुपारी के निर्यात में जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई है।
केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री के अनुसार वित्त वर्ष 2021-22 से 2024-25 के बीच सुपारी के निर्यात में ज्यादा वृद्धि दर्ज की गई। बांग्ला देश से भारत को निर्यात होने वाली सुपारी का कुल मूल्य वित्त वर्ष 2023-24 में 132.90 डॉलर था जो 2024-25 में उछलकर 530.60 लाख डॉलर पर पहुंच गया।
वैसे इस अवधि के दौरान भारत में आयातित सुपारी का कुल खर्च 1479.90 लाख डॉलर से कुछ घटकर 1434.50 लाख डॉलर रह गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट पता चलता है कि भारत में आयातित सुपारी के सकल खर्च में बांग्ला देश की भागीदारी 2023-24 के 9 प्रतिशत से उछलकर 2024-25 में 37 प्रतिशत पर पहुंच गई।
इसी तरह म्यांमार से भारत को वित्त वर्ष 2023-24 में 156.10 लाख डॉलर मूल्य की सुपारी का निर्यात किया गया था जो 2024-25 में बढ़कर 332 लाख डॉलर पर पहुंच गया।
दूसरी ओर श्रीलंका से सुपारी के आयात में कमी आई और इंडोनेशिया से भी इसका कम आयात हुआ। उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के अनुसार श्रीलंका से आयातित सुपारी का खर्च 2023-24 में 698.70 लाख डॉलर दर्ज किया गया था
जो वित्त वर्ष 2024-25 में घटकर 359.70 लाख डॉलर रह गया। इसी तरह इंडोनेशिया से आयातित सुपारी का कुल खर्च इस अवधि में 431.40 लाख डॉलर से लुढ़ककर 153.60 लाख डॉलर पर अटक गया।
इससे पूर्व भारत में वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान 2581.90 लाख डॉलर तथा 2021-22 में 901.80 लाख डॉलर मूल्य की सुपारी का आयात किया गया था।
