भारत को खाद्य तेल की आपूर्ति में इंडोनेशिया पहले नम्बर पर बरकरार

11-Mar-2025 08:26 PM

मुम्बई। भारत में नवम्बर 2024 से फरवरी 2025 के चार महीनों में कुल 4669 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ और इंडोनेशिया इसकी सर्वाधिक आपूर्ति करने वाला देश बना रहा।

इन चार महीनों के दौरान भारत में इंडोनेशिया से करीब 5.04 लाख टन आरबीडी पामोलीन, 6.40 लाख टन क्रूड पाम तेल तथा 1000 टन क्रूड पाम कर्नेल तेल के साथ कुल 11.44 लाख टन खाद्य का आयात किया गया।

इसके अलावा मलेशिया से इसी अवधि में 7.21 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया जिसमें 75 हजार टन आरबीडी पामोलीन, 6.26 लाख टन क्रूड पाम तेल तथा 20 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल की मात्रा शामिल रही।

थाईलैंड से 19 हजार टन से कुछ अधिक क्रूड पाम तेल मंगाया गया। ये तीनों ऐसे देश हैं जो भारत को मुख्यतः पाम समूह के तेलों की आपूर्ति करते हैं।

इसके अलावा भारत में अन्य देशों से करीब 10 हजार टन आरबीडी पामोलीन, 95 हजार टन क्रूड पाम तेल तथा 2 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल का भी आयात किया गया। 

अर्जेन्टीना खाद्य तेल की आपूर्ति करने में इंडोनेशिया के बाद दूसरे स्थान पर रहा। नवम्बर 2024 से फरवरी 2025 के चार महीनों में अर्जेन्टीना से भारत को 10.30 लाख टन सोयाबीन तेल एवं 56 हजार टन सूरजमुखी तेल के साथ कुल 10.86 लाख टन खाद्य तेल का निर्यात किया गया। इसी तरह ब्राजील से भारत को 2.74 लाख टन से कुछ अधिक सोया तेल का शिपमेंट किया गया। 

भारत को खाद्य तेल निर्यात में रूस आगे बढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया। वह भारत को मुख्यतः सूरजमुखी तेल और सोयाबीन तेल का शिपमेंट करता है।

नवम्बर 2024 से फरवरी 2025 के चार महीनों में भारत ने रूस से 7.45 लाख टन सूरजमुखी तेल तथा 1.46 लाख टन सोयाबीन तेल के साथ कुल 8.91 लाख टन खाद्य तेल का आयात किया

जबकि यूक्रेन से 2.71 लाख टन खाद्य तेल मंगाया जिसमें 2.68 लाख टन सूरजमुखी तेल तथा 3 हजार टन सोयाबीन तेल की मात्रा शामिल रही।

इसके अलावा भारत में इस अवधि के दौरान दुनिया के अन्य देशों से 10 हजार टन आरबीडी पामोलीन, 95 हजार टन क्रूड पाम तेल 2 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल, 1.02 लाख टन सोयाबीन तेल एवं 53 हजार टन सूरजमुखी तेल सहित कुल 2.61 लाख टन खाद्य तेल का आयात किया गया।