होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से चीनी का 6 प्रतिशत वैश्विक कारोबार प्रभावित
22-Apr-2026 05:56 PM
सान डियागो। पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण स्थिति रहने और होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) के बंद होने से अन्य जिंसों के साथ चीनी का आयात-निर्यात भी प्रभावित हो रहा है।
खाड़ी क्षेत्र के देश भारी मात्रा में ब्राजील, भारत, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया एवं यूरोपीय संघ से कच्ची चीनी का आयात करते हैं और फिर उसकी रिफाइनिंग करके सफेद-रिफाइंड चीनी तैयार करते हैं। कुछ देश सीधे रिफाइंड चीनी भी बाहर से मंगाते हैं।
लेकिन होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से दुनिया की 6 प्रतिशत चीनी का कारोबार प्रभावित हो रहा है। इससे मध्य पूर्व के देशों में चीनी की रिफाइनिंग इकाइयों की कठिनाई बढ़ गई है।
न्यूयार्क एक्सचेंज में पिछले तीन सप्ताहों से चीनी की कीमतों पर दबाव बना हुआ था और 17 अप्रैल को सबसे निकटवर्ती पोजीशन के अनुबंध हेतु इसका वायदा मूल्य लुढ़ककर पिछले करीब साढ़े पांच साल के निचले स्तर पर आ गया था।
लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे इसमें सुधार आने लगा। ब्राजील के मध्य दक्षिण भाग में 2025-26 सीजन के दौरान 402.50 लाख टन तथा समूचे देश में 441.96 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया गया जबकि 2026-27 के वर्तमान में उत्पादन घटने की संभावना है। इससे चीनी का वैश्विक बाजार भाव कुछ सुधरने के आसार है।
