भारत से अभी तक गेहूं का निर्यात शुरू नहीं
22-Apr-2026 07:07 PM
मुम्बई। यद्यपि सरकार ने फरवरी में 25 लाख टन गेहूं का जो निर्यात कोटा घोषित किया था उसके लिए निर्यातकों को लाइसेंस जारी कर दिया गया है लेकिन अत्यन्त कठिन प्रतिस्पर्धा के कारण निर्यातकों को अनुबंध करने के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ रहा है।
भारतीय गेहूं का फ्री ऑन बोर्ड औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य फिलहाल 265-270 डॉलर प्रति टन चल रहा है जबकि रूस, यूक्रेन एवं यूरोपीय संघ का गेहूं महज 230-240 डॉलर प्रति टन पर उपलब्ध है। समीक्षकों का कहना है कि यह बाजार का खेल है और इसमें सरकारी नीतिगत हस्तक्षेप कारगर साबित नहीं होगा।
यदि वैश्विक बाजार भाव ऊंचा एवं तेज हो जाए तो निर्यात संभव हो सकता है। सरकार गेहूं के घरेलू बाजार मूल्य को और नीचे नहीं जाने दे सकती है क्योंकि इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है।
