भारत में आयात शुल्क लगने की संभावना से कनाडा में मटर का बाजार शांत

14-Feb-2025 12:59 PM

सस्काटून । पश्चिमी कनाडा की मंडियों में अत्यन्त सीमित कारोबार के कारण मटर का भाव चालू सप्ताह के दौरान काफी हद तक स्थिर देखा जा रहा है।

पीली मटर के सबसे प्रमुख खरीदार- भारत में इसके शुल्क मुक्त आयात की प्रमुख सीमा 28 फरवरी 2025 तक नियत है और इसके बाद इस पर शुल्क तथा नियंत्रण लगाए जाने की प्रबल संभवना है।

इससे यहां आयात ठप्प पड़ सकता है इधर चीन की मांग भी काफी कमजोर पड़ गई है। इससे कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों की चिंता बढ़ने लगी है। 

कनाडा में पीली मटर का भाव 10.00-10.50 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर बना हुआ है जबकि आगामी दिनों में इसमें कुछ नरमी आने की संभावना है।

अगली नई फसल की कीमतों पर भी दबाव पड़ सकता है क्योंकि भारत में आयात बंद होने पर कनाडा को इसके समकक्ष नए बाजार की तलाश के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ सकता है।

ज्ञात हो कि वहां अप्रैल-मई में मटर की बिजाई होने वाली है और इसका क्षेत्रफल भारत की आयात नीति से प्रभावित हो सकता है। 

उल्लेखनीय है कि कैलेंडर वर्ष 2024 (जनवरी-दिसम्बर) में भारत में 30 लाख टन पीली मटर के साथ कुल लगभग 67 लाख टन दलहनों का रिकॉर्ड आयात किया गया। पीली मटर का अधिकांश आयात कनाडा तथा रूस से हुआ।

जनवरी-फरवरी 2025 के दो महीनों में भी इसका भारी आयात होने के संकेत मिल रहे हैं। इसके बावजूद कनाडा में मटर का विशाल स्टॉक मौजूद रहेगा जिसका निर्यात करने में उसे काफी कठिनाई हो सकती है। 

समीक्षकों का कहना है कि कीमतों में स्थिरता या नरमी की संभावना को देखते हुए कनाडा के किसान इस वर्ष पीली मटर का बिजाई क्षेत्र बढ़ाने का कोई खास प्रयास नहीं करेंगे लेकिन हरी मटर का क्षेत्रफल कुछ बढ़ सकता है

क्योंकि इसके निर्यात बाजार में अभी कोई समस्या नहीं है। मापले मटर का भी अपना निश्चित बाजार है। कनाडा की नजर चीन पर टिकी हुई है।