भारत में बादाम का आयात 1.90 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान
23-Sep-2025 05:17 PM
नई दिल्ली। अमरीकी कृषि विभाग की विशेष कृषि सेवा के भारतीय प्रतिनिधि कार्यालय (उस्डा पोस्ट) ने भारत में बादाम का आयात 2024-25 के 1.84 लाख टन से 3 प्रतिशत या 6 हजार टन बढ़कर 1.90 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।
उस्डा पोस्ट के मुताबिक मौसम की प्रतिकूल स्थिति के कारण घरेलू उत्पादन प्रभावित होने तथा मांग एवं खपत बढ़ने की संभावना से बादाम के आयात में इजाफा होगा।
उस्डा पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार भारत में बादाम का अधिकांश उत्पादन जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश में होता है जहां इस वर्ष मौसम की हालत फसल के लिए अनुकूल नहीं देखी जा रही है।
इसके फलस्वरूप कुल उत्पादन 4150 टन से घटकर 4100 टन पर अटक जाने की संभावना है। प्रत्येक वर्ष जलवायु परिवर्तन की चुनौतियां मौजूद रहती हैं जिसका प्रतिकूल असर बादाम के बागानों पर पड़ता है। इसके उपज दर में गिरावट का रुख बना हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक उत्पादक क्षेत्रों में बादाम के लिए केन्द्रीयकृत बाजार (मंडी) का अभाव है जिससे बादाम उत्पादकों को उचित मूल्य प्राप्त नहीं होता है और न ही उत्पादन बढ़ाने का प्रोत्साहन मिलता है।
बागानों में बादाम के पेड़ काफी पुराने हो चुके हैं और उसकी उत्पादक क्षमता में कमी आ गई है। ऊपर से प्रतिकूल मौसम की मार भी पड़ती है। बादाम के उत्पादक धीरे-धीरे सेब की खेती की तरफ आकर्षित होने लगे हैं।
उस्डा पोस्ट के अनुसार भारत में बादाम की खपत 2023-24 के सीजन में 1.84 लाख टन हुई थी जो 2024-25 में सुधरकर 1.86 लाख हो गई और 2025-26 के सीजन में बढ़कर 1.95 लाख टन पर पहुंच जाने की उम्मीद है।
बादाम को 'सुपर फूड' उत्पादों की श्रेणी में आंका जाता है। भारत में लोगों की बढ़ती आमदनी तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के कारण बादाम सहित अन्य सूखे मेवों की मांग एवं खपत बढ़ती जा रही है। त्यौहारी सीजन में इसकी मांग और भी तेज होने की संभावना है।
