भारत से 9500 टन चावल की खेप चटगांव पोर्ट पर पहुंची
28-Mar-2025 05:15 PM
ढाका। भारत से बांग्ला देश को नियमित रूप से चावल भेजा जा रहा है। इसी श्रृंखला की एक कड़ी के तौर पर पिछले दिन भारत से 9500 टन चावल से लदा एक जहाज बांग्ला देश के चटगांव बंदरगाह पर पहुंचा।
बांग्ला देश के खाद्य मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि एक अंतर्राष्ट्रीय खुले टेंडर के तहत हुए करार के अंतर्गत यह चावल भारत से एम वी यांग शेन 151 नामक जहाज के जरिए बंदरगाह पर 26 मार्च को पहुंच गया।
इस करार के तहत बांग्ला देश ने नौ खेपों में कुल 4.50 लाख टन चावल के आयात का समझौता किया है जिसमें से 2,97,269 टन चावल पहले ही बांग्ला देश में पहुंच चुका है।
इस नवीनतम शिपमेंट वाले स्टॉक से चावल का नमूना (सैम्पल) लेकर उसका परीक्षण किया गया और शीघ्र ही जहाज पर से इस चावल को उतारने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
आमतौर पर बांग्ला देश सरकार द्वारा जारी होने वाले चावल आयात टेंडर में यह शर्त लगी रहती है कि चावल के ऑफर मूल्य में बांग्ला देश के बंदरगाहों तक माल को सुरक्षित पहुंचाने तथा उसे जहाजों पर से उतारने का खर्च भी शमिल होना चाहिए।
पिछले साल बांग्ला देश में प्राकृतिक आपदाओं के कारण 12 लाख टन से अधिक चावल के समतुल्य धान की फसल बर्बाद हो गई थी जिससे वहां घरेलू प्रभाग में चावल की आपूर्ति एवं उपलब्धता प्रभावित हो रही है और कीमत ऊंचे स्तर पर चल रही है।
सरकार घरेलू खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से चावल मंगा रही है।
भारत के अलावा वियतनाम से भी एक लाख टन चावल के आयात का करार किया गया है और इसका शिपमेंट आरंभ हो चुका है। भारतीय चावल अपेक्षाकृत सस्ता पड़ता है।
पाकिस्तान से भी चावल मंगाने की योजना बनाई गई थी। बांग्ला देश सरकार ने रियायती सीमा शुल्क पर प्राइवेट फर्मों को भी चावल का आयात करने की अनुमति प्रदान की थी।
