भारतीय सामानों पर अमरीका में 25 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की घोषणा

31-Jul-2025 02:08 PM

नई दिल्ली। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उम्मीद के विपरीत भारतीय सामानों / उत्पादों पर 1 अगस्त 2025 (शुक्रवार) से 25 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है।

इसके अलावा यदि रूस से भारत रक्षा एवं ऊर्जा स्रोतों की खरीद जारी रखता है तो अमरीका भारत पर अतिरिक्त जुर्माना  भी लगाएगा जिसका फिलहाल निर्धारण नहीं हुआ है।

ट्रैम्प की इस घोषणा से अमरीकी बाजारों में भारतीय उत्पादों के निर्यात शिपमेंट पर गहरा असर पड़ सकता है। उल्लेखनीय है कि अमरीका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझीदार है।

भारत से वाणिज्यिक वस्तुओं के होने वाले कुल वार्षिक निर्यात के लगभग 20 प्रतिशत भाग का शिपमेंट अकेले अमरीका को किया जाता है। 

समझा जाता है कि भारत से अमरीका की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि भारत उस 'ब्रिक्स' संगठन का सक्रिय सदस्य है जो वैश्विक कारोबार पर डॉलर का वर्चस्व समाप्त करने का उपाय कर रहा है।

ब्रिक्स संगठन में ब्राजील, रूस, भारत, चीन एवं साउथ अफ्रीका जैसे देश शामिल है। इन देशों पर भी अमरीका में ऊंचा टैरिफ लगाने की घोषणा की गई है।

दिलचस्प तथ्य यह है कि भारत और अमरीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए पांच राउंड की वार्ता हो चुकी है और छठे दौर  की बातचीत के लिए अमरीका का एक प्रतिनिधिमंडल 25 अगस्त को भारत आ रहा है।

लेकिन इस बीच ही भारत पर टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी गई। अब द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए अंतरिम करार का मामला भी खटाई में पड़ सकता है।  

हालांकि ट्रम्प ने भारतीय प्रधानमंत्री को अपना दोस्त कहा है लेकिन व्यापार के मुद्दे पर उनका रुख अलग दिखाई देता है। फरवरी में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी जिसमें द्विपक्षीय व्यापारिक करार को सितम्बर-अक्टूबर 2025 तक अंतिम रूप देने का निर्णय किया गया था।

भारत को उम्मीद थी कि अप्रैल में अमरीका ने भारतीय सामानों पर 26 प्रतिशत का टैरिफ लगाने की जो आरम्भिक घोषणा की थी उसको लागू करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लेकिन अब 1 अगस्त से जो टैरिफ लागू होने वाला है वह आरंभिक स्तर (26 प्रतिशत) से कुछ ही कम है। 

ट्रम्प ने कहा है कि भारत में टैरिफ की दर बहुत ऊंची है और इसलिए अमरीका को वहां अपने उत्पादों का निर्यात करने में ज्यादा सफलता नहीं मिल रही है।