बेहतर उत्पादन एवं ऊंचे स्टॉक से अजवायन की कीमतों पर दबाव

12-Feb-2025 08:29 PM

मंदसौर । प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में अजवायन की नई फसल की आपूर्ति का दबाव बना हुआ है जबकि इसकी घरेलू एवं निर्यात मांग सामान्य बनी हुई है। बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी होने तथा मौसम की हालत अनुकूल रहने से इस बार अजवायन  के उत्पादन में 20-25 प्रतिशत का इजाफा होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

उत्पादकों एवं स्टॉकिस्टों के पास पिछले सीजन के उत्पादन का बकाया स्टॉक भी मौजूद है। इसके अलावा पाकिस्तान से आयातित माल राजस्थान एवं पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर बिक रहा है जिससे कुछ मंडियों में विभिन्न माल का कारोबार भी होने लगा है। 

घरेलू प्रभाग में अजवायन की सीमित मांग देखी जा रही है क्योंकि सस्ते माल को देखते हुए खरीदार सतर्क हो गए है। वे बाजार के स्थिर होने का इंतजार कर रहे हैं।

समीक्षकों का  कहना है कि आपूर्ति एवं उपलब्धता की सुगम स्थिति तथा कमजोर मांग को देखते हुए अजवायन की कीमतों में थोड़ी और गिरावट आ सकती है और उसके बाद नीचे दाम पर कारोबार बेहतर होने लगेगा। इससे स्टॉकिस्टों को आगामी महीनों में फायदा हो सकता है। 

अजवायन की खरीद एक-तिहाई फसल की कटाई-तैयारी हुई है जबकि मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं गुजरात जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों के अधिकांश इलाकों में फसल पक कर कटाई के लिए तैयार है।

इस महत्वपूर्ण मसाला फसल के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में जावरा, नीमच, मंदसौर, विकाराबाद, नंदूरबार एवं जामनगर आदि शामिल है।

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक यदि कीमतों में थोड़ी और नरमी आती है तो लीन या ऑफ सीजन के दौरान कारोबार में ज्यादा जोखिम नहीं रहेगा।