ब्राजील में 1220 लाख टन मक्का के उत्पादन का सरकारी अनुमान
17-Feb-2025 01:15 PM
ब्रासीलिया। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील की केन्द्रीय एजेंसी कोनाब ने अपनी नवीनतम मासिक फरवरी रिपोर्ट में 2024-25 सीजन के दौरान मक्का का उत्पादन अनुमान 1195.50 लाख टन से करीब 24 लाख टन बढ़ाकर 1220.10 लाख टन निर्धारित कर दिया है वर्ष 2023-24 सीजन के कुल उत्पादन से 63 लाख टन या 5.5 प्रतिशत अधिक है। उल्लेखनीय है कि ब्राजील में तीन सीजन में मक्का की खेती होती है।
सरकारी एजेंसी ने प्रथम या पूर्ण सीजन के साथ-साथ सफरीन्हा सीजन में भी मक्का के उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया है। प्रथम सीजन की फसल अभी कट रही है जबकि सफरीन्हा मक्का की बिजाई जारी है।
हालांकि प्रथम सीजन के दौरान मक्का का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष के मुकाबले 6.6 प्रतिशत घटकर 37 लाख हेक्टेयर रह गया मगर औसत उपज दर 4.5 बुशेल प्रति एकड़ बढ़कर 1007 बुशेल प्रति एकड़ पर पहुंचने की संभावना है
जिसके आधार पर मक्का का कुल उत्पादन 235.80 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है। मक्का की फसल के लिए मौसम काफी हद तक अनुकूल बना रहा।
जहां तक सफरीन्हा मक्का का सवाल है तो कोनाब ने इसका बिजाई क्षेत्र 2.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 168.30 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है और इसकी औसत उपज दर 5706 किलो प्रति हेक्टेयर रहने की संभावना व्यक्त की है।
इसके आधार पर ब्राजील में सफरीन्हा मक्का का कुल उत्पादन उछलकर 960.40 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद व्यक्त की गई है जो 2023-24 सीजन के उत्पादन से 57.90 लाख टन या 6.40 प्रतिशत अधिक है।
ब्राजील में मक्का के सकल उत्पादन में सफरीन्हा सीजन का योगदान 78.7 प्रतिशत, प्रथम सीजन का योगदान 19.3 प्रतिशत तथा स्पेशल सीजन का योगदान 1.9 प्रतिशत रहने की संभावना है। सफरीन्हा मक्का की कटाई-तैयारी जून-जुलाई में होगी।
