ब्राजील में गन्ना की क्रशिंग की गति तेज होने से चीनी का वैश्विक वायदा नरम

13-Dec-2024 12:36 PM

न्यूयार्क । दुनिया के सबसे प्रमुख चीनी  उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील में गन्ना की क्रशिंग की गति तेज होने से चीनी के उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है जिसके फलस्वरूप न्यूयार्क एवं लंदन एक्सचेंज में इसका वायदा कुछ नरम पड़ गया।

मार्च अनुबंध के लिए न्यूयार्क एक्सचेंज में कच्ची चीनी के वायदा मूल्य में 0.46 सेंट प्रति पौंड या 2.16 प्रतिशत एवं लंदन एक्सचेंज में सफेद चीनी का वायदा भाव 9.40 डॉलर प्रति टन या 1.74 प्रतिशत घट गया।

नवम्बर के दूसरे पखवाड़े के दौरान ब्राजील के मध्य दक्षिणी भाग में उम्मीद से अधिक गन्ना की क्रशिंग हुई। शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका की रिपोर्ट के अनुसार 16-30 नवम्बर के दौरान मध्य दक्षिणी क्षेत्र में 203.50 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई जबकि 1.55 लाख टन की क्रशिंग का ही अनुमान लगाया जा रहा था। चालू सप्ताह के प्रथम दिन न्यूयार्क एक्सचेंज में चीनी का वायदा भाव घटकर गत ढाई माह के निचले स्तर पर आ गया था। 

इंटरनेशनल शुगर ऑर्गेनाइजेशन (आईएसओ) की रिपोर्ट के अनुसार 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान विश्व स्तर पर उपयोग के सापेक्ष चीनी का कुल उत्पादन 25.10 लाख टन कम हो सकता है जबकि पहले 35.80 लाख टन कम होने का अनुमान लगाया गया था। 2023-24 के सीजन में 13.10 लाख टन अधिक चीनी का उत्पादन हुआ था।

थाईलैंड में 2024-25 सीजन के दौरान चीनी का बेहतर उत्पादन होने की उम्मीद है जिससे वैश्विक बाजार में उपलब्धता बढ़ेगी। ब्राजील के बाद थाईलैंड चीनी का दूसरा सबसे प्रमुख निर्यातक देश है।

भारत में फिलहाल चीनी का व्यापारिक निर्यात शुरू होने की उम्मीद नहीं है थाईलैंड में चीनी का उत्पादन 2023-24 सीजन के 87.70 लाख टन से 18 प्रतिशत बढ़कर 2024-25 के सीजन में 103.50 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है।