ब्राजील में सोयाबीन की 80 प्रतिशत से अधिक फसल की कटाई पूरी

07-Apr-2025 02:05 PM

परानागुआ। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंचने लगी है। पिछले सप्ताह के अंत तक वहां राष्ट्रीय स्तर पर 81 प्रतिशत क्षेत्र में फसल की कटाई समाप्त हो चुकी थी।

उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। गत सप्ताह देश के विभिन्न भागों में दूर-दूर तक अच्छी वर्षा हुई जिससे सफरीन्हा मक्का की फसल को तो फायदा हुआ जिसकी बिजाई हाल ही में समाप्त हुई है मगर कहीं-कहीं सोयाबीन फसल की कटाई में बाधा भी पड़ी।

देश के कुछ भागों में सूखे का गंभीर संकट अभी बरकरार है। अगले 15 दिनों के अंदर ब्राजील के दक्षिणी भाग और पश्चिमोत्तर क्षेत्र में जोरदार वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।

देश के मध्यवर्ती भाग में और खासकर सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- माटो ग्रोसो में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी समाप्त हो चुकी है लेकिन सुदूर दक्षिणी एवं अत्यन्त दूरस्थ उत्तरी क्षेत्र में फसल अभी काफी हद तक खेतों में ही खड़ी है जिसकी कटाई-तैयारी धीमी गति से हो रही है।

इसमें रियो ग्रैंड डो सूल भी शामिल है। ब्राजील के सुदूर दक्षिणी भाग में अवस्थित यह राज्य देश में सोयाबीन के उत्पादन में माटो ग्रोसो एवं पराना के बाद तीसरे नम्बर पर रहता है अगर इस बार वहां मौसम की हालत अनुकूल नहीं होने से पैदावार में भारी गिरावट आने की संभावना है जिससे वह गोईआस प्रान्त से पिछड़कर चौथे नम्बर पर आ सकता है।

दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- पराना में सोयाबीन फसल की अधिकांश कटाई पूरी हो चुकी है लेकिन रियो ग्रैंड डो सूल में केवल 25  प्रतिशत क्षेत्र में फसल कल काटी गई है और 75 प्रतिशत भाग में कटाई होनी अभी बाकी है।

जनवरी-फरवरी में वहां मौसम अत्यन्त गर्म एवं शुष्क रहा था जिससे सोयाबीन फसल की उपज दर में 30 प्रतिशत या उससे अधिक की गिरावट आने की आशंका है।

रियो ग्रैंड में सोयाबीन की उत्पादकता दर घटकर 37.3 बोरी प्रति हेक्टेयर या 33.7 बुशेल प्रति एकड़ पर अटक जाने की संभावना है। सोयाबीन की प्रत्येक बोरी  60 किलो की होती है।