Home News
21-Oct-2026 05:34 PM
ब्रासीलिया। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील की संघीय एजेंसी कोनाब ने अपनी पहली समीक्षा रिपोर्ट में 2026-27 सीजन के दौरान सोयाबीन का घरेलू उत्पादन बढ़कर 18.16 करोड़ टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो 2025-26 सीजन के समीक्षित उत्पादन 18.04 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर से 0.7 प्रतिशत या 12 लाख टन अधिक है। उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां इसकी बिजाई अभी जारी है।
कोनाब की रिपोर्ट के अनुसार 2026-27 सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का कुल बिजाई क्षेत्र 493 लाख हेक्टेयर (1217 लाख एकड़) पर पहुंचने की संभावना है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर फसल की औसत उपज दर 3683 किलो प्रति हेक्टेयर (54.8 बुशेल प्रति एकड़) पर पहुंच सकी है। पिछले साल की तुलना में चालू सीजन के दौरान सोयाबीन के बिजाई क्षेत्र में महज 14 प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है जो पिछले दो दशक में सबसे कम है।
दूसरी ओर औसत उपज दर 0.4 बुशेल प्रति एकड़ नीचे रहने का अनुमान लगाया गया है। यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो 2026-27 सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का सकल उत्पादन 1816 लाख टन के ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
ब्राजील में सितम्बर के मध्य से सोयाबीन फसल की बिजाई शुरू हो जाती है जो दिसम्बर के अंत तक जारी रहती है। आमतौर पर मध्य जनवरी से वहां इसकी नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो जाती है जबकि मार्च में यह शीर्ष पर पहुंचती है। सरकारी नियम के अनुसार मध्य मई से पूर्व देश में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी पूरी हो जानी चाहिए और 15 मई के बाद कहीं भी सोयाबीन का एक भी जीवित पौधा नहीं रहना चाहिए।