ब्राजील में सोयाबीन के उत्पादन अनुमान में बढ़ोत्तरी
07-May-2026 01:39 PM
रियो डी जेनेरियो। एक अग्रणी परामर्श फर्म ने ब्राजील में 2025- 26 सीजन के दौरान सोयाबीन का कुल उत्पादन तेजी से उछलकर 18.16 टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है जो अप्रैल की रिपोर्ट में लगाए गए अनुमान से करीब 1 प्रतिशत ज्यादा है। ब्राजील दुनिया में इस महत्वपूर्ण तिलहन का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है।
परामर्श फर्म की नई रिपोर्ट में राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन की औसत उपज दर में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद व्यक्त की गई है। वहां सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी लगभग समाप्त हो चुकी है। सुदूर दक्षिणी राज्य- रियो ग्रैंड डो सूल में सोयाबीन के अनुमानित बिजाई क्षेत्र का आंकड़ा भी कुछ बढ़ा दिया गया है जबकि वह देश का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है।
रिपोर्ट के मुताबिक यद्यपि रियो ग्रैंड डो सूल प्रान्त में इस बार मौसम एवं वर्षा की स्थिति पूरी तरह अनुकूल नहीं रही और फसल को कहीं-कहीं प्राकृतिक आपदाओं का भी सामना करना पड़ा लेकिन इसके बावजूद वहां सोयाबीन का उत्पादन 210 लाख टन पर पहुंचने के आसार हैं। रियो ग्रैंड डो सूल प्रान्त में सोयाबीन की बिजाई एवं कटाई-तैयारी सबसे अंत में होती है। ब्राजील में माटो ग्रोसो एवं पराना के बाद रियो ग्रैंड डो सूल को सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य माना जाता है।
आमतौर पर सरकारी एजेंसी- कोनाब, अमरीकी कृषि विभाग एवं अन्य संगठनों का सोयाबीन उत्पादन अनुमान 1770 से 1790 लाख टन के बीच हैं मगर इस परामर्श फर्म का अनुमान 1800 लाख टन से भी ज्यादा का है।
