ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान
13-Dec-2024 06:17 PM
रियो डी जेनेरियो । लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में सोयाबीन की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और कुल क्षेत्रफल में इजाफा हुआ है। मौसम तथा बारिश की हालत धीरे-धीरे अनुकूल होती जा रही है जिससे फसल की औसत उपज दर में सुधार आने के अच्छे आसार हैं।
माटो ग्रोसो एवं पराना जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में सोयाबीन की बिजाई पूरी हो चुकी है और वहां फसल की हालत अच्छी बताई जा रही है।
सुदूर दक्षिणी प्रान्त- रियो ग्रैंड डो सूल तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र के कुछ भागों में सोयाबीन की बिजाई अक्सर देर से होती है और अब वहां भी यह अंतिम चरण में पहुंच गई है। नई फसल की कटाई-तैयारी मध्य जनवरी से शुरू हो सकती है।
अमरीकी कृषि विभाग ने ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन 2023-24 सीजन के 1530 लाख टन से 160 लाख टन बढ़कर 2024-25 के सीजन में 1690 लाख टन के सर्व कालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है।
उद्योग-व्यापार संगठनों का कहना है कि यदि मौसम की हालत अनुकूल रही तो ब्राजील में सोयाबीन का कुल उत्पादन बढ़कर 1700 लाख टन से भी ऊपर पहुंच सकता है।
उधर ब्राजील के पड़ोसी देश अर्जेन्टीना में 520 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया जा रहा है। विश्व स्तर पर सोयाबीन के उत्पादन एवं निर्यात में ब्राजील पहले, अमरीका दूसरे तथा अर्जेन्टीना तीसरे नम्बर पर रहता है।
ब्राजील के पराना एवं सांता कैटरीना प्रान्त में पिछले दिनों हुई भारी वर्षा ने सूखे का संभावित संकट समाप्त कर दिया और सोयाबीन की फसल को फायदा पहुंचाया।
अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। किसानों को आगामी समय के मौसम तथा सोयाबीन के परिवहन में समस्या आने की चिंता सता रही है।
