ब्राजील में उत्पादन बढ़ने के संकेत से चीनी के वैश्विक वायदा मूल्य में नरमी
31-Jul-2025 01:23 PM
न्यूयार्क। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में पहले चीनी के उत्पादन में गिरावट आ रही थी जिससे न्यूयार्क तथा लन्दन के एक्सचेंज में इसका वायदा भाव मजबूत होने लगा था लेकिन अब वहां उत्पादन में वृद्धि के संकेत मिलने लगे हैं जिससे वायदा मूल्य पिछले दिन कुछ नरम पड़ गया था लेकिन क्रूड खनिज तेल का दाम बढ़कर पिछले पांच सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचने से चीनी की कीमत में सीमित गिरावट दर्ज की गई।
दरअसल खनिज तेल का भाव बढ़ने से एथनॉल निर्माण में वृद्धि की संभावना रहती है और मिलर्स गन्ना का उपयोग चीनी के बजाए एथनॉल उत्पादन में ज्यादा करने लगते हैं।
प्राप्त सूचना के अनुसार अक्टूबर अनुबंध के लिए न्यूयार्क एक्सचेंज में कच्ची चीनी (रॉ शुगर) का वायदा भाव 0.08 सेंट प्रति पौंड या 0.48 प्रतिशत तथा लंदन एक्सचेंज में सफेद चीनी (व्हाइट शुगर) का वायदा मूल्य 4.30 डॉलर प्रति टन या 0.90 प्रतिशत घट गया।
दुनिया में चीनी के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील के कृषि मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 15 दिनों के दौरान चीनी का घरेलू उत्पादन सुधरकर 34 लाख टन के करीब पहुंच गया।
हाल के दिनों में चीनी का भाव घटकर पिछले 4 साल के निचले स्तर पर आने से इसकी मांग तेजी से बढ़ी जिससे कीमतों पर सकारात्मक असर पड़ने लगा था।
चीन में जून माह के दौरान चीनी का आयात 1435 प्रतिशत उछलकर 4.20 लाख टन की ऊंचाई पर पहुंच गया। उधर अमरीका में कोका कोला कम्पनी ने अपने कुछ ब्रांडेड उत्पादों के निर्माण में चीनी का आंशिक उपयोग करने पर सहमति जताई है जिससे इसकी मांग एवं खपत में वृद्धि होने की उम्मीद है।
समीक्षकों के अनुसार अमरीका में चीनी की खपत 110 लाख टन के वर्तमान स्तर से 4.4 प्रतिशत बढ़कर 115 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।
ब्राजील में मौसम साफ एवं शुष्क होने से चीनी मिलों में गन्ना क्रशिंग की रफ्तार बढ़ गई है और वहां एथनॉल के बजाए चीनी के उत्पादन में गन्ना की अधिक मात्रा का उपयोग किया जा रहा है क्योंकि चीनी का उत्पादन ज्यादा लाभदायक माना जा रहा है।
जुलाई के दूसरे पखवाड़े में ब्राजील में 32 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया जा रहा है। यह चर्चा भी हो रही है कि भारत सरकार 2025-26 के सीजन में चीनी के निर्यात की अनुमति देने पर विचार कर सकती है।
