बादामगिरी अभी तेजी नहीं - 17 माह बाद बादाम का सर्वाधिक आयात
14-May-2025 06:59 PM
नई दिल्ली। हाल- फिलहाल बादामगिरी की कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है। अप्रैल माह के दौरान आयात बढ़ने के कारण कीमतों में नरमी बनी हुई है और अभी भाव और घटने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। आज भी बादामगिरी की कीमतों में 10/15 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई और दिल्ली बाजार में भाव घटकर 805/810 रुपए पर आ गया।
आयात
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर- 2023 के पश्चात अप्रैल- 2025 के बादाम का सर्वाधिक आयात किया गया है। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2023 में बादाम का आयात 1523 कंटेनर का हुआ था। जबकि अप्रैल 2025 में आयात 1454 कंटेनर का हुआ है। एक अनुमान के अनुसार नवम्बर- 2023 के आयात 1204 कंटेनर एवं दिसम्बर- 2023 में 1206 कंटेनर का आयात किया गया था। वर्ष 2024 में जनवरी, अप्रैल, मई, सितम्बर एवं दिसम्बर माह में आयात 1000 कंटेनर से अधिक हुआ अन्य महीनों में आयात कम रहा। जुलाई- 2024 में सबसे कम 610 कंटेनर का आयात किया गया।
अभी तेजी नहीं
जानकार सूत्रों का कहना है कि चालू माह के दौरान बादामगिरी की कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है। क्योंकि एक ओर जहां आयात अधिक मात्रा में किया गया है वहीं गर्मी का सीजन होने के कारण खपत में कमी रहेगी। जिस कारण से अभी कीमतों गिरावट बनी रहेगी। मगर जून माह के भाव बढ़ने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। क्योंकि व्यापारियों का मानना है कि अमेरिका में बादाम का स्टॉक कम रह जाता है। और मई फसल की आवक अगस्त माह में शुरू होगी। नए मालों की आवक शुरू होने से पूर्व एक बार कीमतों में अच्छी तेजी देखी जा सकती है। मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में अमेरिका के बादाम का भाव 2.50/2.55 डॉलर प्रति पौंड बोला जा रहा है। आयातकों का मानना है कि अमेरिका में वर्तमान में 15/20 प्रतिशत का स्टॉक है जबकि खपत के लिए अभी तीन माह का समय है। जिस कारण से बाजार में धारणा तेजी की बनी हुई है।
