बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 61.7 प्रतिशत पर आया

20-Feb-2026 01:39 PM

नई दिल्ली। बारिश की कमी एवं नियमित निकासी के कारण देश के 166 प्रमुख बांधों- जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 113.16 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पर आ गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 61.7 प्रतिशत है। लेकिन फिर भी यह भंडार गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 11.6 प्रतिशत बिंदु एवं 10 वर्षीय औसत भंडार से 25.4 प्रतिशत बिंदु ज्यादा है। 

उत्तरी क्षेत्र के बांधों में पानी का स्टॉक 11.33 बीसीएम मौजूद है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 57 प्रतिशत है। पिछले साल इन जलाशयों में केवल 30.2 प्रतिशत पानी का स्टॉक बचा हुआ था। राजस्थान, हिमाचल प्रदेश एवं पंजाब जैसे राज्य उत्तरी क्षेत्र में स्थित है। 

देश के पूर्वी संभाग में जलाशयों में पानी का स्तर 12.91 बीसीएम पर आ गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 58.3 प्रतिशत है। पिछले साल की समान अवधि में यह जल स्तर 55.6 प्रतिशत दर्ज किया गया था। पूर्वी संभाग के राज्यों में आसाम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, झारखंड, पश्चिम बंगाल बिहार एवं उड़ीसा जैसे राज्य सम्मिलित हैं। 

पश्चिमी जोन में बांधों-जलाशयों में 27.68 बीसीएम पानी का स्टॉक बचा हुआ है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 72.7 प्रतिशत है। पिछले साल इन बांधों में 67.7 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद था। वहां गोवा, महाराष्ट्र एवं गुजरात जैसे राज्यों के जलाशयों में अभी पानी का अच्छा स्टॉक उपलब्ध है।

मध्यवर्ती इलाके में अवस्थित मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड एवं छत्तीसगढ़ के जलाशयों में भंडारण क्षमता के मुकाबले 65.6 प्रतिशत पानी का स्टॉक है जबकि दक्षिण भारत में यह घटकर 53 प्रतिशत रह गया है।