चीन को चावल निर्यात के लिए एपीडा ने एसओपी जारी किया

13-Jun-2026 11:30 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने चीन को चावल का शिपमेंट करने हेतु भारतीय निर्यातकों के लिए स्टैंडर्ड ऑफ प्रोसीजर (मानक प्रक्रिया या  एसओपी) जारी करते हुए निर्यातकों से तत्काल इसका चावल शुरू करने के लिए कहा है।

ज्ञात हो कि चीन के कस्टम विभाग ने भारतीय चावल की कुछ खेपों में जीएम चावल के अंश की उपस्थिति के कारण उसे नामंजूर कर दिया था। चीन भारतीय गैर बासमती और खासकर टुकड़ी चावल का एक महत्वपूर्ण बाजार बनता जा रहा है इसलिए भविष्य पर नजर रखते हुए एपीडा उसकी शिकायत को नजर अंदाज नहीं करना चाहता है। 

एपीडा द्वारा 8 जून को एसओपी की अधिसूचना जारी की गई जो 9 जून से प्रभावी हो गई। एपीडा महाप्रबंधक के  अनुसार चीन को चावल के निर्यात के लिए सैनिटरी एवं फायटो सैनिटरी जरूरतों का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्यातकों एवं अन्य सम्बद्ध पक्षों के दिशा निर्देशन के लिए एक खास प्रक्रिया विकसित की गई है।

9 जून से एपीडा को पंजीकरण-सह-आवंटन प्रमाण पत्र के लिए जो आवेदन प्राप्त हो रहे हैं उन सभी आवेदनों के लिए यह नया एसओपी प्रभावी हो गया है।