एथनॉल के ऊंचे मिश्रण वाले पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क से छूट का स्वागत
13-Jun-2026 12:45 PM
नई दिल्ली। ऑल इंडिया डिस्टीलर्स एसोसिएशन (एआईडीए) ने एथनॉल के ऊंचे अंश- 22 प्रतिशत, 25 प्रतिशत, 27 प्रतिशत एवं 30 प्रतिशत के मिश्रण वाले पेट्रोल को उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) से छूट दिए जाने के सरकारी निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे जैव ईंधन सेक्टर को काफी बढ़ावा मिलेगा और विदेशों से खनिज तेल (पेट्रोलियम) का आयात घटाने में मदद मिलेगी जिससे विदेशी मुद्रा की बचत हो सकती है।
एसोसिएशन के अनुसार पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य हासिल होने के बाद उद्योग अगले लक्ष्य के लिए सरकार की तरफ आशाभरी नजरों से देख रहा था और सरकार ने भी उसे निराश नहीं किया। अब आगे का रास्ता साफ हो गया है।
सरकारी नीति से देश में एथनॉल की उत्पादन क्षमता बढ़ाने में नए पूंजी निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा गन्ना, मक्का एवं चावल जैसे कृषि उत्पादों की मांग एवं खपत में वृद्धि होने से किसानों को भी फायदा होगा। इसके साथ-साथ क्रूड खनिज तेल के आयात पर देश की निर्भरता में कमी आएगी।
एसोसिएशन के अनुसार सरकार का यह अग्रगामी कदम जैव ईंधन क्षेत्र के लिए लाभप्रद साबित होगा। आगे पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य और भी ऊंचा किया जा सकता है। इंडोनेशिया में पेट्रोल में 40 प्रतिशत पाम तेल का उपयोग हो रहा है जो अगले महीने से 50 प्रतिशत पर पहुंच जाएगा।
