चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 4200 रुपए प्रति क्विंटल नियत करने का आग्रह
15-Jun-2024 12:18 PM
मुम्बई । सहकारी चीनी मिलों की प्रमुख संस्था- नेशनल फेडरेशन ऑफ़ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज ने केन्द्र सराकर से चीनी का एक्स फैक्टरी न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) 35 प्रतिशत बढ़ाकर 42 रुपए प्रति किलो (4200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित करने का आग्रह किया है।
वर्ष 2018 से एमएसपी का प्रचलन शुरू हुआ था और अंतिम बार फरवरी 2019 में इसे 2900 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था।
उसके बाद से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है जबकि इस बीच गन्ना के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में प्रत्येक साल बढ़ोत्तरी होती रही। यह अलग बात है कि चीनी का भाव इस एमएसपी से काफी ऊंचा चल रहा है।
महाराष्ट्र में चीनी का एक्स मिल भाव 3600 रुपए प्रति क्विंटल तथा खुदरा बाजार मूल्य 4200/4400 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है।
फेडरेशन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि गन्ना के एफआरपी में प्रत्येक वर्ष हुई बढ़ोत्तरी को देखते हुए चीनी का एक्स फैक्टरी न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ाकर 4200 रुपए प्रति क्विंटल नियत करने का आग्रह सरकार से किया गया है।
फेडरेशन इस सम्बन्ध में सरकार के पास अपना प्रस्ताव पहले ही जमा कर चुका है। इस सम्बन्ध में चीनी उद्योग के विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए पिछले दिन पुणे में एक महत्वपूर्ण मिटिंग भी आयोजित की गई थी।
फेडरेशन के अध्यक्ष के अनुसार इस्मा के साथ मिलकर देश की सभी चीनी मिलों में लागत खर्च सहित अन्य सूचनाओं की जानकारी एकत्रित की गई है और उसे 3 जून 2024 को केन्द्र सरकार के सम्बद्ध मंत्रालयों / विभागों के पास भेज दिया गया है।
