चीन में ब्राजील से सोयाबीन का आयात 9 प्रतिशत बढ़ा

21-Jul-2025 04:14 PM

बीजिंग। चीन में ब्राजील से जून 2024 के मुकाबले जून 2025 के दौरान सोयाबीन के आयात में 9.2 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। कस्टम आंकड़ों से पता चलता है कि चीन में ब्राजीलियन सोयाबीन की मांग मजबूत बनी हुई है।

वैश्विक अमरीकी देश- ब्राजील में इस बार सोयाबीन का उत्पादन तेजी से बढ़कर सर्वकालीन स्तर पर पहुंचने से निर्यात योग्य विशाल स्टॉक उपलब्ध है और कीमतों में भी काफी हद तक स्थिरता देखी जा रही है।

हालांकि टैरिफ के मुद्दे पर अमरीका और चीन के बीच बातचीत अब भी जारी है और चीन में अमरीकी सोयाबीन के आयात में जून के दौरान 21 प्रतिशत की शानदार बढ़ोत्तरी भी हुई मगर ब्राजील से आयात पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा। 

दुनिया में सोयाबीन के उत्पादन एवं निर्यात में ब्राजील पहले तथा अमरीका दूसरे नम्बर पर है। उधर चीन संसार का सबसे प्रमुख आयातक देश बना हुआ है। हालांकि जून 2024 की तुलना में जून 2025 के दौरान चीन में प्रतिशत के आधार पर अमरीकी सोयाबीन का आयात ब्राजील के उत्पाद से ज्यादा हुआ मगर वास्तविक मात्रा की दृष्टि से ब्राजील काफी आगे रहा।

दरअसल चीन में अमरीका के सापेक्ष ब्राजील से सोयाबीन के मासिक आयात का आंकड़ा बहुत ऊंचा रहता है इसलिए इसमें 8-10 प्रतिशत की वृद्धि भी बहुत बड़ा अंतर पैदा कर देती है। 

ब्राजील के बंदरगाहों पर सोयाबीन का विशाल स्टॉक मौजूद है और जहाजों में इसकी लोडिंग भी जल्दी-जल्दी हो रही है। इससे मक्का का शिपमेंट प्रभावित हो रहा है।

सितम्बर में ब्राजील में सोयाबीन की बिजाई और अमरीका में कटाई शुरू होगी। अमरीका को वैश्विक निर्यात बाजार में ब्राजील की कठिन एवं सख्त प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है इसलिए यह नए वैकल्पिक देश की तलाश में है।