चीनी सीजन 2026-27 के लिए FRP ₹365/क्विंटल तय; हल्की बढ़ोतरी, मिलों पर लागत दबाव बरकरार

05-May-2026 08:21 PM

केन्द्रीय आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 2026-27 (अक्टूबर–सितंबर) चीनी सीजन के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) ₹365 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

यह FRP 10.25% रिकवरी रेट पर आधारित है, जिसमें हर 0.1% बदलाव पर ₹3.56 प्रति क्विंटल का प्रीमियम या कटौती लागू होगी। सरकार ने 9.5% से कम रिकवरी पर भी कोई कटौती नहीं करने का प्रावधान जारी रखा है, जिसके तहत न्यूनतम ₹338.3 प्रति क्विंटल का भुगतान सुनिश्चित रहेगा।

यह नया FRP 2025-26 सीजन की तुलना में 2.81% अधिक है, जो बाजार की अपेक्षाओं के अनुरूप एक सीमित बढ़ोतरी मानी जा रही है। लगभग ₹182 प्रति क्विंटल की लागत (A2+FL) के मुकाबले यह मूल्य किसानों को 100% से अधिक का मार्जिन प्रदान करता है, जिससे गन्ना उत्पादन और रकबा स्थिर रहने की संभावना है।

ट्रेड के नजरिए से, यह निर्णय मिलों के लिए लागत दबाव को ऊंचा बनाए रखता है। 

2024-25 सीजन में लगभग 99.5% गन्ना भुगतान हो चुका है, जबकि 2025-26 सीजन में अब तक करीब 88.6% भुगतान किया जा चुका है, जो सेक्टर में स्थिर नकदी प्रवाह को दर्शाता है।

FRP में बढ़ोतरी को बाजार के लिए न्यूट्रल से हल्का सपोर्टिव माना जा सकता है। मिलों को लागत में बड़ी राहत नहीं मिली है, इसलिए आगे का रुख चीनी कीमतों, एथेनॉल ब्लेंडिंग और निर्यात नीति पर निर्भर करेगा।