कर्नाटक में सूरजमुखी की खरीद एवं महाराष्ट्र में चना का कोटा बढ़ाने का निर्णय

05-May-2026 08:30 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कर्नाटक में रबी 2026 सीजन के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 9023 सूरजमुखी की खरीद की स्वीकृति प्रदान की है। इसी तरह महाराष्ट्र में चना की सरकारी खरीद की अधिकतम मात्रा को बढ़ाकर 8,19,882 टन निर्धारित कर दिया है। इस तरह इन दोनों फसलों की खरीद पर लगभग 4886.46 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। 

कर्नाटक में 9023 टन सूरजमुखी की खरीद पर 69.66 करोड़ रुपए का खर्च बैठेगा जो इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर आधारित है। इसके फलस्वरूप वहां किसानों को औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश   नहीं होना पड़ेगा और मूल्य समर्थन योजना का लाभ मिलेगा। 

महाराष्ट्र में एमएसपी पर चना की खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर लगभग 8.20 लाख टन निर्धारित किया गया है। एमएसपी पर इसका मूल्य 4816.80 करोड़ रुपए बैठता है। राज्य में चना की सरकारी खरीद की समय सीमा भी एक माह (30 दिन) बढ़ाकर 29 मई 2026 तक नियत की गई है। इससे महाराष्ट्र के उन किसानों को राहत मिलेगी जो अभी तक सरकारी क्रय केन्द्रों पर अपना चना बेचने में सफल नहीं हो पाए हैं। 

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उसकी सहायता प्रत्येक मोर्चे पर की जा रही है। मूल्य समर्थन योजना के लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। सरकार देश में दलहन-तिलहन का उत्पादन बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। इसके लिए उत्पादकों को आवश्यक सहयोग-समर्थन एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है। दलहन-तिलहन का उत्पादन बढ़ने पर खाद्य तेलों एवं दलहनों के आयात पर निर्भरता घटाने में सफलता मिलेगी।