छोटी इलायची एक सप्ताह में 500 रुपए की तेजी
16-May-2025 06:48 PM
नई दिल्ली। छोटी इलायची की कीमतों में तेजी का दौर शुरू हो गया है। और उत्पादक केन्द्रों पर नीलामियों के दौरान एक सप्ताह के दौरान औसत भाव 500 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए हैं और अभी भी धारणा तेजी की बनी हुई है।
सूत्रों का कहना है कि हालांकि नीलामी केन्द्रों पर छोटी इलायची के दामों में तेजी बनी हुई है लेकिन दिल्ली में पर्याप्त बकाया स्टॉक होने के कारण एक सप्ताह के दौरान छोटी इलायची के दाम 50/100 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। मगर वर्तमान हालात को देखते हुए अभी बाजारों में तेजी रहने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि खपत केन्द्रों पर स्टॉक पर्याप्त होने के कारण अप्रैल माह के दौरान नीलामियों में खपत केन्द्रों की लिवाली नाममात्र की रही इसके अलावा निर्यातकों की खरीद भी सीमित रही। लेकिन वर्तमान में निर्यातकों की अच्छी मांग चल रही है। जबकि खपत केन्द्रों पर विगत एक माह के दौरान स्टॉक हल्का हो जाने के कारण आगामी दिनों में नीलामियों में दिल्ली-ग्वालियर आदि खपत केन्द्रों की मांग बढ़ने की संभावना है। जिस कारण से अभी बाजार तेज रहने की संभावना है।
कीमतों में तेजी
विगत एक सप्ताह से छोटी इलायची के दामों में तेजी चल रही है एक अनुमान के अनुसार उत्पादक केन्द्रों पर 9 मई को हुई क्लाइमेट नेचुरल स्पाइस प्रा० लि० नीलामी में छोटी इलायची के औसत भाव 1972.75 रुपए प्रति किलो बोले गए हैं। जबकि आज हुई आर०एन०एस० स्पाइस नीलामी में छोटी इलायची के औसत भाव 2478.98 रुपए बोले गए हैं।
मौसम अनुकूल
जानकार सूत्रों का कहना है कि प्रमुख उत्पादक राज्य केरल एवं तमिलनाडु में इस वर्ष मौसम अनुकूल होने के कारण आने वाली जुलाई माह में छोटी इलायची की फसल गत वर्ष की तुलना में अधिक आने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रतिकूल मौसम के चलते गत वर्ष देश में छोटी इलायची की पैदावार 20/22 हजार टन के आसपास मानी गई थी।
निर्यात बढ़ा
गत वर्ष सीजन में देश में ही नहीं अपितु विदेशों में भी पैदावार कम रहने के कारण भारतीय इलायची के निर्यात में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर - 2024 में छोटी इलायची का निर्यात 4926 टन का रहा जबकि अप्रैल-दिसम्बर- 2023 में निर्यात 3588 टन का रहा था।
