फेंगल तूफान के अवशेष से दक्षिणी राज्यों में भारी वर्षा का दौर जारी
04-Dec-2024 03:26 PM
तिरुअनन्तपुरम । हालांकि समुद्री चक्रवाती तूफान- फेंगल का मुख्य दौर गुजर चुका है मगर इसके अवशेष भाग के प्रभाव से फिलहाल उत्तरी तमिलनाडु, केरल एवं तटीय कर्नाटक में भारी वर्षा का सिलसिला जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार चालू सप्ताह के दौरान दक्षिण भारत के प्रायद्वीपीय क्षेत्र में गरज-चमक एवं तेज हवा के साथ बारिश जारी रह सकती है जबकि कुछ मॉडल्स यह संकेत दे रहे हैं कि पूर्वी तरंग के कारण अगले सप्ताह भी वहां वर्षा हो सकती है।
फेंगल साइक्लोन का अवशेष अब कम दाब वाले क्षेत्र के रूप में मौजूद है जो इन दक्षिणी राज्यों में मूसलाधार वर्षा का स्रोत बना हुआ है।
चालू सप्ताह के शुरूआती दो दिनों के दौरान तमिलनाडु, कर्नाटक एवं केरल के कई हिस्सों में अत्यन्त भारी बारिश हुई जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। वहां रबी फसलों की बिजाई प्रभावित होने की आशंका है जबकि जहां बिजाई हो चुकी है वहां फसल को नुकसान हो सकता है।
कम दाब का क्षेत्र तटीय कर्नाटक एवं पूर्व-मध्यवर्ती अरब सागर के ऊपर मौजूद था। मौसम विभाग के मुताबिक 4 दिसम्बर को यह और सघन एवं ताकतवर होगा और उसके बाद कमजोर पड़ने लगेगा।
उस समय यह पश्चिमी तट से लगातार दूर होता जाएगा। 3 दिसम्बर की सुबह तक तटीय कर्नाटक एवं उत्तरी केरल में अत्यन्त मूसलाधार बारिश हुई जबकि उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, रॉयल सीमा तथा दक्षिणी कर्नाटक में भी जोरदार वर्षा दर्ज की गई।
