फेंगल तूफान की वजह से कर्नाटक एवं केरल में भी भारी बारिश

03-Dec-2024 08:42 PM

तिरुअनन्तपुरम । पांडिचेरी, तमिलनाडु एवं तटीय आंध्र प्रदेश में भारी उत्पात मचाने के बाद फेंगल समुद्री चक्रवाती तूफान कर्नाटक और केरल में भी अपना प्रभाव दिखाने के लिए पहुंच गया।

वैसे वहां तूफान की तीव्रता कम रही और वह मुख्यत: डिप्रेशन के स्वरुप में रहा इसलिए हवा की रफ्तार धीमी पड़ गई मगर कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई।

उधर तमिलनाडु सरकार ने आंधी-तूफान एवं मूसलाधार वर्षा-बाढ़ के प्रकोप से हुए भारी नुकसान को देखते हुए केन्द्र से तत्काल 2000 करोड़ रुपए की सहायता देने की मांग की है। 

दरअसल फेंगल तूफान का एक चरण पूरा होने के बाद दूसरा दौर आरंभ हुआ जब यह बंगाल की खाड़ी के ऊपर पुनः मजबूत होने लगा।

पहले चरण के दौरान पांडिचेरी एवं तमिलनाडु में 80-90 कि०मी० से भी अधिक तेज रफ्तार के साथ हवा का प्रवाह रहा और मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया।

निचले इलाकों में बाढ़ आने से रबी फसलों की बिजाई एवं प्रगति में बाधा पड़ी। कर्नाटक तथा केरल में होने वाली वर्षा आगे चलकर रबी फसलों के लिए सहायक साबित हो सकती है।

आंध्र प्रदेश के रॉयल सीमा संभाग में हुई बारिश फिलहाल कुछ हद तक नुकसान दायक है मगर बाद में फायदेमंद हो जाएगी। दक्षिणी राज्यों में उत्तर-पूर्व मानसून अभी सक्रिय है और इसलिए बारिश का दौर जारी है। केरल में तथा तमिलनाडु में मसाला फसलों को तूफान से कुछ  खतरा हो गया था। कर्नाटक में कालीमिर्च की नई फसल की तुड़ाई-तैयारी देर से होती है।