फेंगल तूफान की वर्षा से दक्षिण भारत में जलस्तर में सुधार

13-Dec-2024 04:23 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम विवरण से ज्ञात होता है कि यद्यपि देश के 155 प्रमुख बांधों-जलाशयों में चालू सप्ताह के दौरान पानी का स्तर घटकर कुल भंडारण क्षमता के 79 प्रतिशत पर आ गया मगर तमिलनाडु एवं आंध्र प्रदेश में जल स्तर बढ़ गया।

दरअसल उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता एवं फेंगल समुद्री चक्रवाती तूफान के प्रभाव से इन दोनों राज्यों में हाल के दिनों में काफी अच्छी बारिश हुई है जिससे जलाशयों में पानी का स्टॉक बढ़ा है। देश के अन्य राज्यों में वर्षा का अभाव और तापमान ऊंचा रहा। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार 1 अक्टूबर से 12 दिसम्बर 2024 के दौरान देश के 720 जिलों (जहां से आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं) में से 64 प्रतिशत जिलों में बारिश सामान्य स्तर से कम या बहुत कम हुई और अनेक जिलों में तो वर्षा का सर्वथा अभाव दर्ज किया गया। 

केन्द्रीय जल आयोग के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर 155 प्रमुख बांधों-जलाशयों में कुल 142.354 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का भंडार मौजूद है जो 180.852 बीसीएम की कुल भंडारण क्षमता का 79 प्रतिशत है।

फिर भी यह पानी का भंडार पिछले साल तथा 10 वर्षीय औसत की तुलना में अधिक है। पश्चिमोत्तर भाग में पानी का अभाव महसूस होने लगा है।

यद्यपि कुल मिलाकर पानी का भंडार गत वर्ष से ज्यादा होने से रबी फसलों की सिंचाई के लिए अधिक मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा मगर खास-खास क्षेत्रों में कठिनाई बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने शीतकाल के दौरान सामान्य औसत से कम वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है।