फरवरी में खाद्य तेलों का आयात गिरकर 8.85 लाख टन पर सिमटा

11-Mar-2025 05:43 PM

मुम्बई। पाम तेल, सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल के साथ फरवरी 2025 में खाद्य तेलों का कुल आयात गिरकर 8,85,561 टन पर अटक गया जो जनवरी के आयात 10,07,551 टन तथा फरवरी 2024 के आयात 9,58,852 टन से कम रहा।

लेकिन इसके बावजूद चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती चार महीनों में यानी नवम्बर 2024 से फरवरी 2025 के दौरान खाद्य तेलों का सकल आयात सुधरकर 46,69,075 टन पर पहुंच गया जो 2023-24 सीजन की समान अवधि के आयात 46,06,551 टन से कुछ अधिक रहा।

इसका प्रमुख कारण नवम्बर 2024 में 15,90,301 लाख टन तथा दिसम्बर 2024 में 11,85,662 टन खाद्य तेल का विशाल आयात होना माना जा रहा है।

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के आंकड़ों के मुताबिक 1 मार्च 2025 को भारतीय बंदरगाहों पर 8.70 लाख टन तथा पाइप लाइन में 10.04 लाख टन के साथ कुल 18.74 लाख टन खाद्य तेल का स्टॉक मौजूद था जबकि इसकी मात्रा फरवरी के आरंभ में 21.76 लाख टन, जनवरी में 25.01 लाख टन तथा मार्च 2024 की शुरुआत में 23.77 लाख टन रही थी।

1 मार्च 2025 को भारतीय बंदरगाहों पर जो 8.70 लाख टन खाद्य तेलों का कुल स्टॉक उपलब्ध था उसमें 2.20 लाख टन क्रूड पाम तेल, 1.30 लाख टन आरबीडी पामोलीन, 2.50 लाख टन क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल तथा 2.70 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल की मात्रा सम्मिलित थी। 

एसोसिएशन के मुताबिक फरवरी 2025 में 1,07,949 टन रिफाइंड खाद्य तेल (मुख्यतः आरबीडी पामोलीन) तथा 7,77,612 टन क्रूड खाद्य तेल का आयात हुआ और कुल खाद्य तेल आयात में इसकी भागीदारी क्रमश: 12 प्रतिशत एवं 88 प्रतिशत रही।

दिलचस्प तथ्य यह है कि खाद्य तेल के सकल आयात में पाम समूह के तेलों की हिस्सेदारी पिछले तीन महीनों से 50 प्रतिशत से नीचे चल रही है जबकि सॉफ्ट खाद्य तेल (सूरजमुखी तेल एवं सोयाबीन तेल) की भागीदारी 50 प्रतिशत से ऊपर देखी जा रही है। 

फरवरी 2025 में 3,73,549 टन पाम तेल, 2,83,737 टन सोयाबीन तेल तथा 2,28,275 टन सूरजमुखी तेल का आयात हुआ।

नवम्बर 2024 से फरवरी 2025 के चार महीनों में इंडोनेशिया से 11,44,053 टन, मलेशिया से 7,21,101 टन, अर्जेन्टीना से 10,86,442 टन, ब्राजील से 2,74,423 टन तथा रूस से 8,91,374 टन खाद्य तेल का आयात किया गया

जबकि शेष खाद्य तेल का आयात थाईलैंड, यूक्रेन एवं कुछ अन्य देशों से हुआ। खाद्य तेल के आयात में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।