गेहूं की शानदार पैदावार एवं बेहतर खरीद से सरकार को राहत
06-May-2025 04:03 PM
नई दिल्ली । पिछले तीन वर्षों से सरकार को गेहूं के मामले में अनेक प्रतिगामी तथा अग्रिम निर्णय लेने के लिए विवश होना पड़ रहा था। इसके तहत गेहूं एवं इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों के व्यापारिक निर्यात पर प्रतिबंध लगाना, गेहूं पर स्टॉक सीमा लागू करना तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में आवंटन घटाना जैसा निर्णय भी शामिल था।
घरेलू बाजार भाव ऊंचा रहने से आम लोगों को भारी कठिनाई हुई और खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत वित्त वर्ष 2023-24 में 94 लाख टन से अधिक की बिक्री होने के कारण 1 अप्रैल 2024 को केन्द्रीय पूल में गेहूं का स्टॉक घटकर 75 लाख टन रह गया जो वर्ष 2008 के बाद का सबसे निचला स्तर था।
दिल्ली में गेहूं का थोक भाव जनवरी 2025 में बढ़कर 3200 रुपए प्रति क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंच गया जो जनवरी 2024 में 2500 रुपए प्रति क्विंटल रहा था। तमाम प्रयासों के बावजूद दो-तीन साल से गेहूं का बाजार भाव ऊंचे स्तर पर चल रहा था जिससे सरकार की चिंता काफी बढ़ गई थी।
लेकिन अब हालात बदलने लगे हैं। किसानों को बेहतर एवं लाभप्रद मूल्य मिलने से गेहूं का रकबा और उत्पादन बढ़ गया। इससे सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ प्राइवेट खरीदारों द्वारा भी इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की भारी खरीद की जा रही है।
बाजार में ऊंचा स्टॉक रहने पर गेहूं के दाम में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी की संभावना कम रहेगी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत गेहूं की आपूर्ति बढ़ाना सरकार के लिए संभव हो जाएगा।
इससे खुले बाजार पर कम भार पड़ेगा। सरकारी स्टॉक का स्तर ऊंचा रहेगा। सरकार पहले ही संकेत दे चुकी है कि इस वर्ष गेहूं एवं इसके उत्पादों का निर्यात नहीं खोला जाएगा। इससे घरेलू प्रभाग में गेहूं की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।
गेहूं की सरकारी खरीद गत वर्ष की कुल खरीद से आगे निकल चुकी है और अब नियत लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। मध्य प्रदेश में खरीद का लक्ष्य 20 लाख टन बढ़ाकर 80 लाख टन निर्धारित किया गया है और वहां इसका प्रदर्शन बेहतर चल रहा है।
लेकिन अन्य प्रांतों और खासकर उत्तर प्रदेश में खरीद का लक्ष्य हासिल होना मुश्किल लगता है। पंजाब और हरियाणा में भी खरीद की गति धीमी पड़ने लगी है।
332.70 लाख टन की कुल खरीद का लक्ष्य पाने का जोरदार प्रयास किया जा रहा है। अगले महीने तक खरीद की वास्तविक तस्वीर सामने आ जाएगी।
