गुजरात में एमएसपी पर दलहन-तिलहन की खरीद का निर्णय
10-Sep-2026 12:24 PM
अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने इस वर्ष खरीफ कालीन मूंगफली, सोयाबीन, मूंग तथा उड़द की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने का निर्णय लिया है और इसके लिए आज यानी 10 सितम्बर 2026 से किसानों का रजिस्ट्रेशन भी आरंभ हो गया है। गुजरात के कृषि मंत्री ने कहा है कि सरकार के इस निर्णय से राज्य के दलहन-तिलहन उत्पादकों को एमएसपी का लाभ हासिल हो सकेगा।
एमएसपी पर अपने दलहन-तिलहन के स्टॉक की बिक्री करने के इच्छुक किसानों का रजिस्ट्रेशन 10 सितम्बर से आरंभ होकर 9 अक्टूबर तक जारी रहेगा। कृषि मंत्री के मुताबिक किसान आधार प्रामाणिकता के माध्यम से अपने फार्मर आईडी का इस्तेमाल करते हुए ई-ग्राम केन्द्रों पर मुफ्त में यानी नि: शुल्क अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके साथ-साथ किसानों को पंजीकरण के लिए दो और विकल्प दिए गए हैं।
खरीफ कालीन दलहन-तिलहन की खरीद केन्द्र सरकार की पीएम-आशा (प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान) स्कीम के अंतर्गत की जाएगी जिसका उद्देश्य किसानों को वित्तीय संरक्षण प्रदान करना है। 2026-27 सीजन के लिए मूंगफली का एमएसपी 7517 रुपए, मूंग का 8780 रुपए, उड़द का 8200 रुपए तथा सोयाबीन का 5708 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
