रूई के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा बढ़ने की संभावना
10-Sep-2026 01:25 PM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने मई में जून से अक्टूबर तक रूई के आयात को शुल्क मुक्त रखने की घोषणा की थी लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा को कम से कम दिसम्बर 2026 तक बढ़ाया जा सकता है। इससे देश के वस्त्र उद्योग को राहत मिलने की उम्मीद है। रूई पर पहले 11 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा हुआ था जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया।
रूई के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा बढ़ाने के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है लेकिन जिस तरह की परिस्थितियां बन रही हैं उससे लगता हैं कि सरकार को इस तरह का फैसला लेना पड़ सकता है।
कपास का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से करीब 70 हजार हेक्टेयर पीछे चल रहा है और कुछ राज्यों में बारिश की कमी से फसल को नुकसान होने की आशंका भी है। वैश्विक बाजार में रूई का भाव ऊंचा हो गया है।
भारतीय वस्त्र उद्योग को अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अपने उत्पादों के दाम को प्रतिस्पर्धी स्तर पर रखने के लिए सस्ती रूई प्राप्त होना आवश्यक है। देश में रूई का अभाव होने से विदेशों से इसके आयात की आवश्यकता बनी रहेगी और इसलिए सीमा शुल्क में छूट देना भी जरुरी होगा।
