गुजरात में मेथी बिजाई बढ़ने के अनुमान - मध्य प्रदेश, राजस्थान में गत वर्ष के बराबर

12-Dec-2024 06:40 PM

नई दिल्ली । जानकार सूत्रों का कहना है कि उत्पादक राज्यों में मेथी की बिजाई का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। अभी तक की मिली व्यापारिक जानकारी के अनुसार गुजरात में मेथी की बिजाई गत वर्ष की तुलना में 15/20 प्रतिशत अधिक रहने के समाचार है जबकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में बिजाई गत वर्ष के आसपास ही रहेगी।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार गत वर्ष गुजरात में मेथी की बिजाई लगभग 18 हजार हेक्टेयर में की गई थी जबकि मध्य प्रदेश में बिजाई 67/68 हजार हेक्टेयर की रही थी। राजस्थान में बिजाई का क्षेत्रफल 42/43 हजार हेक्टेयर का रहा था। कुल मिलाकर गत वर्ष देश में मेथी की बिजाई लगभग 1.30 लाख हेक्टेयर के आसपास रही थी।

उत्पादन 

बिजाई का क्षेत्रफल घटने के कारण चालू सीजन के दौरान मेथी उत्पादन में भी गिरावट दर्ज की गई। व्यापारिक अनुमान के अनुसार चालू  सीजन के दौरान देश में मेथी की पैदावार 17/18 लाख क्विंटल के आसपास रही जबकि वर्ष 2023 में पैदावार 18/19 लाख क्विंटल के आसपास रही थी।

बकाया स्टॉक 

जानकार सूत्रों का कहना है कि कमजोर उत्पादन एवं बढ़ते निर्यात के कारण दूसरे वर्ष भी मेथी का स्टॉक कम रहने के अनुमान लगाए जा रहे है। व्यापारियों का कहना है कि वर्ष 2023 में मेथी का स्टॉक 7/8 लाख बोरी का रहा था जोकि 2024 में घटकर 5/6 लाख बोरी का रह गया था। वर्ष 2025 में स्टॉक ओर घटकर 3/4 लाख बोरी रहने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। 

निर्यात अधिक 

चालू सीजन के दौरान मेथी निर्यात में शानदार 53 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-सितम्बर- 2024 में मेथी का निर्यात 21377.25 टन का हुआ है जबकि अप्रैल-सितम्बर - 2023 में निर्यात 13990.64 टन का किया गया था। 

मंदा-तेजी 

व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में मेथी में निर्यात मांग का अभाव बना हुआ है इसके अलावा लोकल व्यापार भी सीमित रह गया है। जिस कारण से हाल-फिलहाल कीमतों में अधिक तेजी संभव नहीं है। चालू माह के दौरान बाजार 2/3 रुपए मंदा-तेजी के बीच ही चलते रहेंगे। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर एवरेज क्वालिटी मेथी का भाव 55/58 रुपए प्रति किलो चल रहा है।