गुजरात में रबी फसलों का रकबा गत वर्ष के करीब पहुंचा
05-Jan-2026 08:29 PM
अहमदाबाद। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में इस बार 5 जनवरी 2026 तक रबी फसलों का सकल उत्पादन क्षेत्र 47.31 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो पिछले साल के समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 47.55 लाख हेक्टेयर से 24 हजार हेक्टेयर कम है।
हालांकि पिछले सीजन के मुकाबले मौजूदा रबी सीजन के दौरान राज्य में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 13.42 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 14.22 लाख हेक्टेयर तथा मक्का का बिजाई क्षेत्र 1.32 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.42 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने से अनाजी फसलों का कुल क्षेत्रफल 15.04 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 15.94 लाख हेक्टेयर हो गया।
इसी तरह दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र 9.11 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 9.39 लाख हेक्टेयर तथा तिलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र 2.60 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2.82 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा लेकिन गन्ना और मसाला फसलों के क्षेत्रफल में भारी गिरावट आने से कुल रकबा कुछ पीछे रह गया।
दलहन फसलों में चना का उत्पादन क्षेत्र 8.40 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 8.89 लाख हेक्टेयर तथा तिलहनों में सरसों का बिजाई क्षेत्र 2.58 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2.81 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर गन्ना का रकबा 1.74 लाख हेक्टेयर से गिरकर 1.57 लाख हेक्टेयर रह गया।
मसाला फसलों में जीरा, धनिया, सौंफ एवं ईसबगोल का रकबा गत सीजन से पीछे चल रहा है जबकि बिजाई की प्रक्रिया लगभग समाप्त हो चुकी है।
