गोवा में 3-4 मार्च को रोलर फ्लोर मिलर्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के दो दिवसीय कांक्लेव का आयोजन
18-Feb-2025 06:21 PM
नई दिल्ली । गेहूं मिलिंग- प्रोसेसिंग उद्योग की सर्वोच्च संस्था- रोलर फ्लोर मिलर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आगामी 3 और 4 मार्च 2025 को गोवा के प्रतिष्ठित होटल - जेड डब्ल्यू मैरियट में दो दिवसीय भव्य, उपयोग एवं लाभप्रद कॉनक्लेव का आयोजन किया जा रहा है।
इस बहुचर्चित एवं बहुउपयोगी आयोजन की थीम है-" दि फ्यूचर ऑफ मिलिंग- विजन 2030 एंड बियोण्ड।" यह कार्यक्रम सम्पूर्ण मिलिंग प्रोसेसिंग उद्योग को अपने दायरे में समेटने का प्रयास करेगा।
इस राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण सम्मेलन में देश भर के 700 से ज्यादा प्रतिनिधियों को एक मंच पर उपस्थिति होने तथा मिलिंग उद्योग की चुनौतियों, बाधाओं तथा समस्याओं को जानने समझने और उसके निराकरण का उपाय तलाशने का अवसर मिलेगा।
इसके आधार पर वे अपनी आगामी रणनीति सही तरीके से बनाने और अवसर का लाभ उठाने में सफल हो सकते हैं। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में फ्लोर मिलिंग उद्योग के तमाम महारथियों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों तथा नीति निर्माताओं के भाग लेने की आशा है।
इसके अलावा कार्यक्रम में कृषि अर्थशास्त्रियों, वैज्ञानिकों- विशेषज्ञों, उद्योग से सम्बद्ध अन्य हित धारकों तथा गेहूं के स्टॉकिस्टों, व्यापारियों एवं दलालों की उपस्थिति भी होगी।
इसमें गोदाम प्रबंधन तथा खाद्य आपूर्ति से जुड़े लोग और टेक्नोलॉजी तथा मशीनरी आपूर्तिकर्ता भी इस अनूठे आयोजन के सहभागी होंगे।
संक्षेप में कहा जाए तो गेहूं के उद्योग, व्यापार, व्यवसाय, भंडारण एवं प्रबंधन से जुड़े तमाम पक्षों के प्रतिनिधि इस आयोजन में सम्मिलित होकर इसे पूर्णता प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल एवं उपयोगी बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित होने जा रहा है जब देश में गेहूं की बिजाई समाप्त हो चुकी है, फसल अपने विकास के विभिन्न चरण से गुजर रही है और जल्दी ही कुछ क्षेत्रों में अगैती फसल की छिटपुट कटाई-तैयारी आरंभ होने की संभावना है।
नए माल की जोरदार आवक शुरू होने से पूर्व उद्योग- व्यापार क्षेत्र को गेहूं से सम्बन्धित तमाम जानकारियां इस सम्मेलन में प्राप्त हो सकती हैं।
