घरेलू बाजार भाव नरम पड़ने से चना के आयात में आकर्षण घटा
17-Feb-2025 04:20 PM
मुम्बई। भारतीय आयातक ऑस्ट्रेलियाई चना के आयात में भारी कठिनाई महसूस कर रहे है क्योंकि उन्होंने पहले ऊंचे दाम पर इसका अनुबंध किया था जबकि अब घरेलू बाजार भाव घटकर नीचे आ गया है।
समझा जाता है कि कुछ खरीदार या तो डिफॉल्टर हो गए हैं या ऑस्ट्रेलियाई निर्यातकों पर चना का दाम नए सिरे से नियत करने के लिए दबाव डाल रहे हैं।
ऑस्ट्रेलियाई निर्यातकों को भारतीय चना बाजार की बदलती स्थिति की जानकारी है। दोनों पक्षों में कीमतों को लेकर बातचीत हो रही है।
ऑस्ट्रेलिया संसार में देसी चना का सबसे बड़ा निर्यातक देश है। इस बार वहां चना का लगातार उत्पादन हुआ है। भारत में पहले ही इसका भारी आयात हो चुका है जबकि नई फसल भी जल्दी ही आने वाली है इसलिए कीमतों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
जिन आयातकों ने पहले ऑस्ट्रेलिया से ऊंचे दाम पर चना खरीदा था अब उसे इसका कार्गो मंगाने पर वित्तीय नुकसान होने की आशंका है। इसे देखते हुए ऑस्ट्रलिया चना के आयात में भारतीय आयातकों में उत्साह एवं आकर्षण बहुत घट गया है। आयातकों के लिए मौजूदा अनुबंध अनाकर्षक और गैर लाभप्रद हो गया है।
जानकारों के अनुसार नवम्बर से मार्च की अवधि के लिए भारतीय व्यापारियों ने ऑस्ट्रेलिया से जितनी मात्रा में चना की खरीद का अनुबंध किया था उसके 15 प्रतिशत भाग यानी लगभग 2.25 लाख टन का आयात खतरे में पड़ गया है।
ध्यान देने की बात है कि केन्द्र सरकार ने घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मई 2024 में देसी चना के आयात को शुल्क मुक्त कर दिया था और बाद में इसकी समय सीमा 31 मार्च 2025 तक बढ़ा दी थी।
ऑस्ट्रेलिया में जब अक्टूबर-नवम्बर में चना का नया माल आने लगा। तब भारतीय खरीदार उस पर टूट पड़े और देखते ही देखते रिकॉर्ड मात्रा में इसका आयात अनुबंध कर लिया।
उधर ऑस्ट्रेलिया में चना का उत्पादन पिछले सीजन के मुकाबले 2024-25 में तीन गुणा से भी ज्यादा बढ़ने का अनुमान है।
वर्ष 2024 की दूसरी छमाही के दौरान भारत को निर्यात के लिए लगभग 11 लाख टन चना का अनुबंध किया गया। भारत में जोरदार आयात होने के कारण सितम्बर 2024 से जनवरी 2025 के बीच चना के दाम में 30 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आ गई जिससे आयातकों की मुसीबत बढ़ गई।
कनाडा एवं रूस में पीली मटर के विशाल आयात में भी चना के दाम पर भारी दबाव डाल दिया।
