हाल की वर्षा से वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया में फसलों को भारी फायदा
15-Jun-2024 04:37 PM
होबार्ट । हाल के दिनों में हुई अच्छी बारिश से वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में न केवल किसानों को शीतकालीन फसलों का बिजाई क्षेत्र बढ़ाने में सहायता मिली बल्कि फसलों को काफी फायदा भी हुआ है।
बिजाई की प्रक्रिया लगभग समाप्त हो चुकी है और अब बेहतर ढंग से उसका विकास हो रहा है जिससे उपज दर में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के ग्रेन इंडस्ट्री एसोसिएशन (गीवा) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार शीतकालीन फसलों का कुल बिजाई क्षेत्र बढ़कर 87.48 लाख हेक्टेयर पर पहुंच जाने की संभावना है जो मई रिपोर्ट में लगाए गए अनुमान से 2.80 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। राज्य में कृषि उत्पादन या तो औसत स्तर का या उससे बेहतर हो सकता है।
पिछले दो सप्ताहों के दौरान वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त के विभिन्न भागों में कई चक्र की बारिश हुई जिससे शुष्क खेतों में हुई बिजाई के बावजूद बीज में अच्छा अंकुरण होना सुनिश्चित हो गया।
बारिश से पूर्व राज्य के अधिकांश भाग में मौसम गर्म एवं शुष्क बना हुआ था। जहां बीज में पहले ही अंकुरण हो चुका था वहां फसल की हालत उत्साहवर्धक हो गई है।
चालू माह (जून) के आरंभ तक राज्य के कई इलाकों में सूखे का गंभीर संकट बना हुआ था जो अब काफी हद तक दूर हो गया है। राज्य के मध्यवर्ती एवं उत्तरी क्षेत्र में बारिश की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही थी जो अब पूरी या समाप्त हो चुकी है।
