हरियाणा में प्रत्येक किसान से रोजाना 40 क्विंटल तक सरसों खरीदने का फैसला

28-Mar-2025 03:18 PM

पंचकूला। किसानों की जोरदार मांग तथा केन्द्र सरकार के संशोधित दिशा निर्देश के आधार पर हरियाणा सरकार ने चालू रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरसों की उच्चतम दैनिक खरीद की मात्रा बढ़ाने का निर्णय लिया है।

पहले प्रत्येक किसान से एक दिन में अधिक से अधिक 25 क्विंटल सरसों की खरीद करने का नियम प्रचलित था मगर इस बार इसकी मात्रा बढ़ाकर 40 क्विंटल निर्धारित की गई है।

इसके साथ ही हरियाणा के किसान अब सरकारी क्रय केन्द्रों पर रोजाना 40 क्विंटल तक सरसों की बिक्री करने में सफल हो जाएंगे। 

राजस्थान, उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश के बाद हरियाणा देश में सरसों का चौथा सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है। वहां इस बार 3.30 लाख टन से कुछ अधिक सरसों की खरीद करने की स्वीकृति दी गई है जबकि इसका कुल उत्पादन 11-12 लाख टन के बीच होने का अनुमान है।

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक ने सभी प्रमुख खरीद एजेंसियों को सरसों की दैनिक खरीद मात्रा में की गई बढ़ोत्तरी से अवगत करवा दिया है।

हैफेड तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम (एच एस डब्ल्यू सी) के प्रबंध निदेशकों तथा नैफेड एवं राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) के प्रांतीय प्रधानों को भेजे पत्र में कृषि विभाग के डायरेक्टर ने कहा है

कि केन्द्र सरकार ने मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के लिए सरसों की दैनिक खरीद हेतु जो संशोधित दिशा निर्देश जारी किया है उसकी प्रति संलग्न कर दी गई है और इसके अनुरूप ही खरीद सुनिश्चित की जानी चाहिए।