इंडोनेशिया में अगले साल के लिए 320 लाख टन चावल के उत्पादन का लक्ष्य
04-Dec-2024 11:39 AM
जकार्ता । दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित देश-इंडोनेशिया में वर्ष 2025 के दौरान चावल का उत्पादन बढ़ाकर 320 लाख टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है जो चालू वर्ष के अनुमानित उत्पादन 310 लाख टन से 10 लाख टन या करीब 3 प्रतिशत ज्यादा है।
इंडोनेशिया खाद्य मंत्री के अनुसार देश में सरकारी स्तर पर चावल का रिजर्व स्टॉक बढ़कर पिछले पांच वर्षों के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया है।
चालू वर्ष के दौरान 60 लाख टन से अधिक चावल का वितरण पहले ही हो चुका है और अब भी 19-20 लाख टन का स्टॉक मौजूद है। कुल मिलाकर इंडोनेशिया में लगभग 80 लाख टन चावल का स्टॉक जमा किया गया था। इंडोनेशिया में चावल को मुख्य खाद्य आहार माना जाता है।
गत 27 नवम्बर को इंडोनेशिया के कृषि मंत्री ने भी वर्ष 2025 में 320 लाख टन चावल के उत्पादन का सरकारी लक्ष्य नियत करने की जानकारी दी थी। इसका उद्देश्य विदेशों से इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न के आयात को घटाना या रोकना तथा राष्ट्रीय स्तर पर खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भरता हासिल करना है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व इंडोनेशिया सरकार ने घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए वर्ष 2025 के आरंभ में 10 लाख टन चावल का आयात करने का प्लान बनाया था क्योंकि वर्ष 2024 में घरेलू उत्पादन कम होने से वहां आयात की जरूरत पड़ सकती है।
इंडोनेशिया की संख्यिकी एजेंसी-बीपीएस की रिपोर्ट के अनुसार चालू वर्ष के दौरान चावल के घरेलू उत्पादन में 2.43 प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना है।
इसे देखते हुए नेशनल फूड एजेंसी बापानास ने कहा है कि फसल कटाई के पूर्व के सीजन यानी दिसम्बर 2024 से फरवरी 2025 की अवधि के दौरान चावल के आरंभिक भंडार पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है और इसलिए विदेशों से इसके आयात की जरूरत महसूस हो सकती है।
