जनवरी के दूसरे हाफ के लिए खाद्य तेलों का आधार आयात मूल्य निर्धारित
16-Jan-2026 12:52 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय वित्त मंत्रालय में राजस्व विभाग के अधीनस्थ निकाय- केन्द्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड ने चालू माह के दूसरे पखवाड़े यानी 16 से 31 जनवरी 2026 की अवधि के लिए पाम संवर्ग के क्रूड एवं रिफाइंड खाद्य तेलों तथा क्रूड एवं रिफाइंड खाद्य तेलों तथा क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल के लिए भारतीय बंदरगाहों पर शुल्क आधारित बुनियादी आयात शुल्क (टैरिफ वैल्यू) का निर्धारण कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इसी टैरिफ वैल्यू के आधार पर विदेशों से आयातित खाद्य तेलों पर सीमा शुल्क की वसूली की जाती है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 16-31 जनवरी 2026 के लिए आधार आयात मूल्य क्रूड पाम तेल का 1075 डॉलर प्रति टन, आरबीडी पाम तेल का 1084 डॉलर प्रति टन तथा अन्य श्रेणी के पाम तेल का 1080 डॉलर प्रति टन निर्धारित किया गया है।
इसी तरह समीक्षाधीन अवधि के लिए क्रूड पामोलीन की टैरिफ वैल्यू 1088 डॉलर प्रति टन, आरबीडी पामोलीन की 1091 डॉलर प्रति टन तथा अन्य श्रेणी के पामोलीन की टैरिफ वैल्यू 1090 डॉलर प्रति टन नियत की गई है। इसके अलावा सरकार ने क्रूड सोयाबीन तेल का आधार आयात मूल्य 1173 डॉलर प्रति टन निर्धारित किया है।
हालांकि भारत में क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात भी बड़े पैमाने पर किया जाता है लेकिन इसके लिए टैरिफ वैल्यू का निर्धारण नहीं होता है। रेपसीड / कैनोला तेल के साथ भी यही स्थिति लागू है।
भारत में पाम तेल / पामोलीन का आयात मुख्यतः इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड से तथा क्रूड सोयाबीन तेल का आयात अर्जेन्टीना एवं ब्राजील से किया जाता है जबकि क्रूड सूरजमुखी तेल रूस, यूक्रेन एवं अर्जेन्टीना से मंगाया जाता है।
