कनाडा में काबुली चना का कुल स्टॉक 6.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान
10-Sep-2026 04:37 PM
ओटावा। यद्यपि प्रतिकूल मौसम एवं क्षेत्रफल में कमी के कारण इस वर्ष कनाडा में काबुली चना के उत्पादन में एक लाख टन से अधिक की गिरावट आने की संभावना है लेकिन पिछला बकाया स्टॉक 1.50 लाख टन ज्यादा होने से इसकी कुल उपलब्धता बढ़कर 6.50 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है।
2025-26 के सीजन में शानदार उत्पादन होने से कनाडा में चना का स्टॉक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था जबकि 2026-27 के सीजन में विशाल बकाया स्टॉक की वजह से कुल उपलब्धता उससे भी ज्यादा रहने की संभावना है। दूसरी ओर अमरीका में उत्पादन 27 प्रतिशत घटकर 2.25 लाख टन पर सिमटने की संभावना है जिससे वहां इसका आयात बढ़ सकता है। अमरीका कनाडाई काबुली चना का सबसे बड़ा खरीदार है लेकिन अभी दोनों देशों के सम्बन्ध अच्छे नहीं हैं।
अन्य आयातक देशों में कनाडाई काबुली चना की मांग संतोषजनक देखी जा रही है। पाकिस्तान में वर्ष 2026 के आरंभिक सात महीनों में चना का आयात बढ़कर 4.72 लाख टन के करीब पहुंच गया लेकिन अब इसके शीर्ष आपूर्तिकर्ता देश ऑस्ट्रेलिया में स्टॉक कम रह गया है।
वहां उत्पादन भी घटने की संभावना है। रूस से शिपमेंट में बाधा पड़ रही है जिससे कनाडा को कुछ फायदा होने की उम्मीद है। पाकिस्तान में कनाडा से छोटे दाने वाले काबुली चना का आयात बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा सकता है।
