कनाडा में मसूर का बिजाई क्षेत्र 10 प्रतिशत घटने की संभावना

20-Feb-2026 12:09 PM

सस्काटून। अन्य जिंसों की तुलना में उत्पादकों को मसूर से कम आमदनी प्राप्त होने की संभावना को देखते हुए कनाडा के कृषि मंत्रालय ने 2025 के मुकाबले 2026 में इस महत्वपूर्ण दलहन का बिजाई क्षेत्र 10 प्रतिशत घटकर 16 लाख हेक्टेयर रह जाने का अनुमान लगाया है। आगामी अप्रैल से वहां इस दलहन (मसूर) की बिजाई आरंभ होने वाली है।

मंत्रालय के अनुसार 2025-26 के सीजन में मसूर की औसत उपज दर में जोरदार बढ़ोत्तरी हुई जिससे पैदावार काफी बढ़ गई। लेकिन 2026-27 के सीजन में उत्पादकता दर सामान्य रहने की संभावना है जिससे मसूर के कुल उत्पादन में करीब 33 प्रतिशत की जोरदार गिरावट आ सकती है। 

लेकिन उत्पादन में भारी कमी आने के बावजूद अत्यन्त ऊंचे बकाया स्टॉक के कारण कनाडा में 2026-27 के मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) में मसूर की कुल उपलब्धता बढ़कर 40.20 लाख टन की ऊंचाई पर पहुंच जाने का अनुमान है। इसमें से करीब 22 लाख टन का निर्यात होने की संभावना व्यक्त की गई है और मार्केटिंग सीजन के अंत में इसका बकाया स्टॉक कुछ कम रहने की उम्मीद है।

जहां तक कीमतों का सवाल है तो कुल मिलाकर 2025-26 के मुकाबले 2026-27 के सीजन में इसका स्तर कुछ ऊंचा रह सकता है लेकिन इसमें भारी तेजी आने की उम्मीद नहीं है। 2026-27 सीजन के अंत में मसूर का स्टॉक कुछ कम जरूर रहेगा लेकिन फिर भी बाजार पर दबाव डालने के लिए पर्याप्त होगा। इसके साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया भारत, तुर्की, रूस एवं कजाकिस्तान जैसे देशों में मसूर का उत्पादन भी बाजार को प्रभावित करेगा और इस पर ध्यान रखना आवश्यक है।