कनाडा में मसूर का बिजाई क्षेत्र 8 प्रतिशत बढ़कर 16 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान

23-Jan-2024 08:30 PM

ओटावा । कनाडा के कृषि मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्तर पर मसूर का बिजाई क्षेत्र 2023 के मुकाबले 2024 में करीब 8 प्रतिशत बढ़कर 16 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जबकि इसका कुल उत्पादन भी तेजी से बढ़कर 22 लाख टन पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है।

लेकिन 2024-25 के मार्केटिंग सीजन में पिछला बकाया स्टॉक कम रहने के कारण इसकी कुल उपलब्धता 4 लाख टन की बढ़ोत्तरी के साथ 23 लाख टन पर पहुंच सकती है और इसका कुल निर्यात भी बढ़कर 18 लाख टन पर पहुंचने के आसार हैं क्योंकि निर्यात योग्य स्टॉक में बढ़ोत्तरी होगी।

2024-25 सीजन के अंत में मसूर का स्टॉक कुछ बढ़कर 2.60 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। लेकिन 2023-24 सीजन की तुलना में 2024-25 सीजन के दौरान मसूर का औसत भाव नरम रहने की संभावना है। 

कृषि मंत्रालय के मुताबिक 2023-24 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के शुरूआती चार महीनों के दौरान कनाडा से करीब 7 लाख टन मसूर का निर्यात हुआ जो 2022-23 सीजन की तुलना में करीब 17 प्रतिशत कम है।

इसमें से अकेले भारत ने करीब 3 लाख टन मसूर का आयात किया और वह इसका सबसे प्रमुख खरीदार बना रहा। भारत के अलावा कनाडाई मसूर के अन्य प्रमुख खरीदारों में तुर्की तथा संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। 2023-24 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा से मसूर का कुल निर्यात घटकर 16 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान है। 

2022-23 के मुकाबले 2023-24 सीजन के दौरान कनाडा में मसूर की कुल उपलब्धता में 7 लाख टन की भारी गिरावट आने की संभावना है क्योंकि एक तो उत्पादन में गिरावट आई है और दूसरे, पिछला बकाया स्टॉक भी कम बचा था।

आपूर्ति एवं उपलब्धता में कमी आने तथा निर्यात घटने के बावजूद 2023-24 सीजन के अंत में मसूर का बकाया अधिशेष स्टॉक कम रहने का अनुमान है।

मसूर का औसत बाजार भाव 21 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 990 डॉलर प्रति टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। मोटी हरी मसूर का भाव पहले ही उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है मगर लाल मसूर का दाम काफी नीचे है।