कनाडा में मटर के बिजाई क्षेत्र में भारी गिरावट के संकेत
08-May-2025 07:19 PM
सस्काटून। पश्चिमी कनाडा में प्रेयरी क्षेत्र के सस्कैचवान एवं अल्बर्टा- जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में मटर की सिंचाई पहले ही आरंभ हो चुकी है लेकिन भारत और चीन जैसे प्रमुख खरीदार देशों में निर्यात की अनिश्चितता को देखते हुए मटर की खेती में इस बार कनाडाई किसानों का उत्साह एवं आकर्षण घटता प्रतीत होता है।
वहां मटर का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से करीब 16 प्रतिशत पीछे चल रहा है जबकि पहले इसके क्षेत्रफल में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद की जा रही थी। उस बदलाव का प्रमुख कारण आयातक देशों की टैरिफ नीति में होने वाला परिवर्तन है।
चीन में कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा दिया गया है। हालांकि यह अफवाह फैली थी कि चीन सरकार अपने इस निर्णय पर पुनर्विचार कर सकती है मगर अभी तक इसका कोई ठोस संकेत सामने नहीं आया है।
जहां तक भारत का सवाल है तो वहां 31 मई 2025 तक पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी गई है। इसके बाद अगर शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा बढ़ाई जाती है या इस पर चना तथा मसूर की भांति 10-11 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगाया जाता है
तो कोई खास बात नहीं होगी लेकिन यदि दिसम्बर 2023 से पूर्व लागू 50 प्रतिशत का आयात शुल्क दोबारा लगाया गया तो कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों की चिंता-परेशानी काफी बढ़ जाएगी।
भारत में कनाडा तथा रूस सहित कुछ अन्य देशों से आयातित मटर का भारी भरकम स्टॉक अभी मौजूद है और विभिन्न दलहनों का दाम भी अपने शीर्ष स्तर की तुलना में घटकर काफी नीचे आ गया है।
दलहनों की सरकारी खरीद में अच्छी प्रगति हो रही है। केन्द्रीय बफर स्टॉक में मूंग, मसूर एवं तुवर की अच्छी मात्रा उपलब्ध है। थोक मंडी भाव भी काफी हद तक स्थिर बना हुआ है।
कनाडा की मंडियों में आमतौर पर सीजन की वर्तमान अवधि के दौरान मटर का भाव नरम पड़ जाता है। पीली मटर का स्टॉक मूल्य 10.75 डॉलर प्रति बुशेल चल रहा है
जबकि अगली नई फसल का अनुबंध मूल्य 8.50-9.00 डॉलर प्रति बुशेल बताया जा रहा है। यदि बिजाई की वर्तमान गति जारी रही तो वहां मटर के क्षेत्रफल एवं उत्पादन में जोरदार गिरावट आ सकती है।
