कनाडा में पिछले साल के मुकाबले प्रमुख कृषि उत्पादों के स्टॉक में बदलाव

09-May-2025 01:05 PM

ओटावा। कनाडा में गेहूं, कैनोला, मसूर एवं मटर सहित कई अन्य कृषि जिंसों का उत्पादन बढ़े पैमाने पर होता है और वहां से भारी मात्रा में इसका निर्यात भी किया जाता है। उत्पादन एवं उपयोग के आधार पर इन उत्पादों के स्टॉक में बदलाव होता रहता है। 

सरकारी एजेंसी- स्टैटिस्टिक्स कनाडा (स्टैट्स कैन) के आंकड़ों से पता चलता है कि मार्च 2024 की तुलना में मार्च 2025 की समाप्ति के समय देश में मसूर का कुल स्टॉक 8 लाख टन से बढ़कर 10.50 लाख टन मटर का स्टॉक 9.60 लाख टन से उछलकर 13.60 लाख टन पर पहुंच गया। 2023-24 सीजन की तुलना में 2024-25 सीजन के दौरान वहां मसूर तथा मटर के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई।

अनाजी फसलों के स्टॉक में भी परिवर्तन देखा गया। गेहूं का कुल स्टॉक मार्च 2024 के 156 लाख टन से घटकर मार्च 2025 में 154.20 लाख टन पर अटक गया। यद्यपि इस अवधि में ड्यूरम गेहूं का स्टॉक 19.50 लाख टन से सुधरकर 20 लाख टन पर पहुंचा मगर गैर ड्यूरम या सामान्य श्रेणी के गेहूं का स्टॉक 136.50 लाख टन से गिरकर 134.20 लाख टन रह गया।

जहां तक जौ का सवाल है तो इसके स्टॉक में कोई बदलाव नहीं आया और यह 30.70 लाख टन के पुराने स्तर पर बरकरार रहा। लेकिन मक्का के स्टॉक में 10 लाख टन से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई।

इसका स्टॉक गत वर्ष के 82.70 लाख टन से घटकर इस वर्ष मार्च में 72 लाख टन रह गया। जई (ओट) का स्टॉक भी इस अवधि में 14.80 लाख टन से 2 लाख टन गिरकर 12.80 लाख टन पर अटक गया। 

जहां तक तिलहन फसलों की बात है तो इसके तहत कैनोला (रेपसीड) का स्टॉक मार्च 2024 के 95.80 लाख टन से लुढ़ककर मार्च 2025 में 58.70 लाख टन तथा अलसी का स्टॉक 3.20 लाख टन से फिसलकर 2.50 लाख टन रह गया मगर सोयाबीन का स्टॉक 21.60 लाख टन से बढ़कर 23.90 लाख टन तथा राई का स्टॉक 1.60 लाख टन से सुधरकर 2.50 लाख टन पर पहुंच गया। 

वर्ष 2024 के अंत (दिसम्बर) में कनाडा में 14.90 लाख टन मसूर, 17.10 लाख टन मटर 3.20 लाख टन राई, 113.50 लाख टन कैनोला, 41.20 लाख टन सोयाबीन, 241.10 लाख टन गेहूं, 49.60 लाख टन जौ, 113.20 लाख टन मक्का,

3.30 लाख टन अलसी तथा 21.90 लाख टन जई का स्टॉक मौजूद था। कृषि उत्पादों के इस सम्पूर्ण स्टॉक में किसानों एवं उद्योग- व्यापार क्षेत्र के पास उपलब्ध मात्रा सम्मिलित थी।