कनाडाई मसूर बाजार में ज्यादा हलचल नहीं

12-Dec-2024 07:40 PM

रेगिना  । पश्चिमी कनाडा की मंडियों में सामान्य कारोबार के बीच मसूर के दाम में मामूली उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। लाल मसूर का भाव कुछ नरम पड़कर 32.5-33.5 सेंट प्रति पौंड पर आ गया है जबकि कहीं-कहीं 34 सेंट प्रति पौंड भी बोला जा रहा है।

ऐसा प्रतीत होता है कि मसूर का बाजार अब स्थिर हो गया है और मौजूदा परिस्थितियों में खरीदार वर्तमान मूल्य स्तर से संतुष्ट है। इसका मतलब यह हुआ कि कीमतों में वृद्धि होने पर इसका कारोबार प्रभावित हो सकता है। 

मोटी हरी मसूर के नम्बर 2 ग्रेड वाले माल का भाव 58-60 सेंट प्रति पौंड तथा नम्बर 1 एवं एक्सट्रा नंबर 2 ग्रेड का दाम 63-64 सेंट प्रति पौंड के बीच चल रहा है। इसी तरह हाजिर बाजार में छोटी हरी मसूर का 53-55 सेंट प्रति पौंड के मूल्य स्तर पर हो रहा है।

ऑस्ट्रेलिया में मसूर के उत्पादन में भारी गिरावट आने का अनुमान लगाया गया है मगर वहां नए माल की आपूर्ति बढ़ने से कीमतों में ज्यादा तेजी का माहौल नहीं देखा जा रहा है।

दरअसल कनाडा और ऑस्ट्रेलिया- दोनों ही लाल मसूर के वैश्विक निर्यात बाजार में एक-दूसरे के प्रबल प्रतिद्वंदी है और इसलिए अगर एक देश ने दाम बढ़ाने का प्रयास किया तो दूसरे देश को अपने उत्पाद का निर्यात बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल सकता है।   

कनाडा में मसूर फसल की कटाई-तैयारी पहले ही समाप्त हो चुकी है जबकि ऑस्ट्रेलिया में अभी जारी है। भारत में मसूर की बिजाई चल रही है और क्षेत्रफल गत वर्ष से कुछ आगे हो गया है।

कनाडा में अगले साल अप्रैल-मई में बिजाई होगी। वहां अभी मसूर का अच्छा खासा निर्यात योग्य अधिशेष स्टॉक मौजूद है और इसका शिपमेंट बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।